श्रीनगर : कश्मीर घाटी के अधिकांश स्थानों पर बुधवार को न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गयी। केन्द्रशासित प्रदेश जम्मू कश्मर में अगले 24 घंटों में ऊंची चोटियों में हिमपात होने का अनुमान जताया गया है। मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।
मौसम विभाग ने बताया कि केद्रशासित प्रदेश की ऊंचाई और मैदानी इलाकों में नौ से दस फरवरी तक भारी बर्फबारी एवं बारिश होने के आसार जताए गए हैं। उन्होंने बताया कि आज कश्मीर घाटी में बादल छाए रहे और जम्मू में मौसम साफ रहा।
विभाग ने बताया कि जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 2.7 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले आज शून्य से नीचे 0.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा है।
उन्होंने बताया कि श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर काजीगुंड शहर का तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले शून्य से नीचे 1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.3 डिग्री सेल्सियस कम है, जबकि उत्तरी कश्मीर के गुलमर्ग के स्की रिसॉर्ट में आज न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 7.0 डिग्री सेल्सियस मुकाबले शून्य से नीचे 6.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 0.2 डिग्री अधिक रहा।
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण कश्मीर में पर्यटक स्थल पहलगाम का तापमान पिछली रात शून्य से नीचे 5.9 डिग्री की तुलना में शून्य से नीचे 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह तापमान सामान्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस कम है।
इसके अलावा, कोकेरनाग का न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 0.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक रहा। कश्मीर के सीमावर्ती जिला कुपवाड़ा में आज न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 1.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि एक दिन पहले यह शून्य से नीचे 1.0 डिग्री सेल्सियस था, जो सामान्य से 0.1 डिग्री अधिक है।
कश्मीर में न्यूनतम तापमान में आई गिरावट
