गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

मंत्री ए के शर्मा ने किया लखनऊ में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण

◆ सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करने निकले मंत्री।

◆ 75 जिलों में नियुक्त हुए 72 नोडल अधिकारी।

◆नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा ने लखनऊ के डेंगू प्रभावित क्षेत्रों बटलर चौराहा, विजयंत खंड गोमतीनगर एवं इंदिरा नगर सेक्टर 11 का स्थलीय निरीक्षण किया

लखनऊ : नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा ने चल रहे नगर सेवा पखवाड़ा के लिए नोडल अधिकारियों की संख्या 22 से बढ़ाकर 72 कर दी है। डेंगू सहित संचारी रोगों के नियंत्रण के लिए उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों से सक्रियता बढ़ाने की अपील की है। इसके साथ ही वे स्वयं भी औचक निरीक्षण कर रहे हैं।

शनिवार को नगर विकास मंत्री ए के शर्मा स्वयं औचक निरीक्षण पर निकले और सर्वप्रथम दैनिक जागरण चौराहा गये। वहां पर उन्होंने सफाई व्यवस्था देखी। इसके बाद उन्होंने बटलर चौराहा, समतामूलक चौराहा, विजयंत खंड, पॉलिटेक्निक चौराहा एवं मुंशीपुलिया जाकर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। कई स्थानों पर फॉगिंग कर रहे कर्मचारी मिले, जिनकी उन्होंने हौसला आफजाई भी की। कुछ जगहों पर उन्होंने काम में सक्रियता बरतने का निर्देश दिया।

इस दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से संवाद कर डेंगू, चिकनगुनिया एवं मच्छर जनित बीमारियों तथा संचारी रोग फैलने व पनपने की संभावनाओं और इनके उत्पन्न होने की वास्तविक परिस्थितियों के बारे में जानकारी ली और बीमार व्यक्तियों का हालचाल जाना। उन्होंने प्रियंका अपार्टमेंट के निवासी आर के त्रेहान से भी मुलाकात की,जो की हाल में ही सिंगापुर से लौटे थे। मंत्री श्री शर्मा ने स्थानीय निवासियों को साफ सफाई में सहयोग करने तथा घरों के अंदर गमलों व पानी की टंकी की सफाई रखने को कहा। स्थानीय पार्षद बी वी सिंह ने बताया कि गत वर्षों की अपेक्षा इस वर्ष डेंगू और चिकनगुनिया के केस कम आ रहे हैं और मंत्री जी के प्रयासों से नगर विकास विभाग लोगों को सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है।
नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा से स्थानीय निवासियों ने बताया कि पास में कठौता झील तथा बगल में नाला होने की वजह से इस क्षेत्र में डेंगू फैल रहा है और 8 से 10 घरों के लोगों को डेंगू से परेशानी हुई है। इसके पश्चात उन्होंने इंदिरा नगर के सेक्टर 11 का भी जाकर निरीक्षण किया।

नगर विकास मंत्री ने विभागीय अधिकारियों से इस दौरान डेंगू मच्छर पनपने के कारणों पर ध्यान देने तथा लोगों को सतर्क एवं जागरूक रहने के लिए कहा। अधिकारियों ने बताया कि गमलों के नीचे रखी प्लेट में जमा होने वाले पानी तथा फ्रिज से निकलने वाले पानी को बाल्टी में रखने जैसे जगहों पर डेंगू का लार्वा मिला है, जिसके लिए लोगों को जागरूक किया गया है।
नगर विकास मंत्री ने कहा कि सभी नगरीय क्षेत्रों में मुख्य मार्गों से लेकर गली-कूचो, नाले-नालियों की नियमित साफ-सफाई के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही संचारी रोग एवं मच्छर जनित बीमारियों, डेंगू, चिकनगुनिया से प्रभावित क्षेत्रों पर नागरिकों के जीवन को बचाने के लिए एंटी लार्वा का छिड़काव एवं फागिंग कराने की भी विशेष व्यवस्था की गई है। उन्होंने नगरीय व्यवस्था का लाभ लोगों को तत्काल मिले एवं उनका जीवन स्तर बेहतर बने, इसके लिए अधिकारियों को सतर्क रहने तथा कार्यो का स्थलीय निरीक्षण करने को भी कहा। उन्होंने सभी अधिकारियों को नागरिकों की शिकायतों का तत्काल संज्ञान लेने एवं इसमें किसी भी प्रकार की ढिलाई, हीला-हवाली, एवं टालने वाली मानसिकता बर्दाश्त नहीं करने को कहा।

मंत्री श्री शर्मा के निर्देश पर सेवा पखवाड़ा के लिए प्रमुख सचिव अमृत अभिजात ने सभी जिला अधिकारियों, नगर आयुक्तों व अधिशासी अधिकारियों को आज शनिवार को पुनः पत्र भेजा है। इसमें लिखा गया है कि वर्तमान में कुल 763 नगर निकाय हैं, 17 नगर निगम, 199 नगर पालिका परिषद एवं 550 नगर पंचायतें हैं। वर्तमान में जल जमाव के कारण डेंगू सहित कई संचारी रोगों के फैलने की संभावना रहती है। नगरीय सड़कों में भी गड्ढे पड़ने की स्थिति बनी है।

इसमें कहा गया है कि इस सेवा पखवाड़ा में चिह्नित स्थानों की जल निकासी की समुचित व्यवस्था की जाए। जल भराव वाले स्थानों पर एंटी लार्वा स्प्रे का छिड़काव सुनिश्चित हो। खुले नालियों को ढ़कने के की व्यवस्था, नालियों व कचरों की सफाई व्यवस्था सुनिश्चित किया जाय। खुले नाले-नालियों को ढकने की व्यवस्था व सफाई व्यवस्था सुनिश्चित किया जाए। मंत्री ए के शर्मा सुबह से लेकर शाम तक समूचे राज्य में सफाई व्यवस्था व्यवस्थित करने के लिए सक्रियता से कार्य करते हुए देखे जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *