मोहाली : पंजाब में घनी धुंध के कारण सड़क हादसे रोकने के लिए राज्य के बिजली और लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ने मंगलवार को कुराली-चंडीगढ़ मार्ग पर स्थित बड़ौदी टोल प्लाज़ा में अलग-अलग वाहनों पर रिफलेक्टर लगाए। श्री सिंह ने इस मौके पर पत्रकारों के साथ बातचीत में कहा कि ज़्यादातर सड़क हादसे वाहनों पर रिफलेक्टर न लगे होने के कारण होते हैं। रात के समय वाहनों पर लगे रिफलेक्टर वाहन चालकों के लिए लाभप्रद होते हैं। उन्होंने कहा कि अगले कुछ दिन धुंध इसी तरह जारी रहने की सम्भावना है, जिसके कारण सड़क हादसे होने का अंदेशा रहता है। रिफलेक्टर लगाने से सड़कों पर वाहन दूर से दिखाई देते हैं और कोई अप्रिय घटना घटने से बचाव रहता है।
उन्होंने कहा कि पंजाब में जितने भी राज्य और राष्ट्रीय राजमार्ग टोल हैं, उन सभी को सख़्त हिदायतें जारी की जा चुकी हैं कि सड़क सुरक्षा सम्बन्धी सभी इंतज़ाम सुनिश्चित किये जाएं। उन्होंने लोगों से अपील की कि सभी को यात्रा करते समय सावधानी इस्तेमाल करनी चाहिए। गाड़ियां डिप्पर और लाइट जला कर ही चलाएं। उन्होंने यह भी बताया कि राज्य में सड़कों पर डिवाईडरों पर रिफलेक्टर लगाने शुरुआत भी की जा रही है।
उन्होंने स्कूली वाहन चालकों को निर्देश देते हुये कहा कि वे पूरी सावधानी से वाहन चलाएं। उन्होंने भारी वाहन और ट्रैक्टर-ट्रॉली वालों को कहा कि वह ख़ास कर प्रात:काल जब स्कूलों का समय होता है, इसी समय भारी धुंध होती है, कोशिश करें कि कुछ समय के लिए रुक जाएं।
धुंध के कारण सड़क हादसे रोकने के लिए मंत्री ने लगाये वाहनों पर रिफलेक्टर
