दुमका : झारखंड में दुमका जिले के तालझारी थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग में नाबालिग का अपहरण करने के बाद बंधक बनाकर दुष्कर्म एवं हत्या कर एसिड डालकर शव नष्ट के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। दुमका के पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खैरवार ने सोमवार को संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी। इस मौके पर दुमका के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विजय कुमार महतो, पुलिस उपाधीक्षक प्रशिक्षु अमित कुमार के साथ कई पुलिस पदाधिकारी भी मौजूद थे।
उन्होंने बताया कि तालझारी थाना क्षेत्र के रहने वाले एक व्यक्ति ने 27 अप्रैल 2024 को थाना में लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें सूचक ने अज्ञात अपराधियों द्वारा उसकी 17 वर्षीय नाबालिग पुत्री के अपहरण किये जाने का आरोप लगाया गया था। इस सिलसिले में तालझारी थाना में भारतीय दंड विधान की धारा 363 के तहत कांड संख्या- 18/2024 की गयी।
इस शिकायत पर मामले के त्वरित खुलासा करने को लेकर जरमुंडी के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संतोष कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गयी। इस टीम में हंसडीहा प्रभाग के पुलिस निरीक्षक विष्णुदेव पासवान, तालझारी के थाना प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक अजित कुमार यादव, अनुसंधान कर्ता टिकवानन्द भगत, योगेश्वर उराँव, जामा के थाना प्रभारी अजीत कुमार, सरैयाहाट के थाना प्रभारी निरंजन कुमार, महिला थाना की प्रभारी अनुपमा सोरेंग, तकनीकी शाखा के अमित कुमार के साथ तालझारी थाना के रिजर्व गार्ड के जवान भी शामिल थे।
श्री कुमार ने बताया कि टीम द्वारा कांड अनुसंधान के क्रम में अपह्वत नाबालिग की बरामदगी के साथ अन्य बिंदुओं पर जांच शुरू की गयी। जिसमें पता चला कि परिजनों द्वारा नाबालिग की देवघर में शादी तय की गयी थी और 29 अप्रैल को ही उसकी शादी होनी थी। इसी बीच बीते-29 अप्रैल को पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि कांड में लापता नाबालिग का शव नर कंकाल अवस्था में तालझारी थाना क्षेत्र के बरमासा गांव के सीमागढ़ा में पड़ा हुआ है।
इस सूचना पर मामले की गम्भीरता को देखते हुए विशेष जांच दल (एसआईटी) द्वारा त्वरित कार्रवाई की गयी और घटना में संलिप्त अपराधी के विरुद्ध संकलित सूचना के आधार पर बरमासा गांव के रहने वाले घटना में संलिप्त अपराधी पिंकु कुमार मंडल उर्फ छोटू कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया ।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में बताया कि शादी से इंकार करने पर उसने नाबालिग का अपहरण किया और बंधक बनाकर दो दिनों तक जबरदस्ती उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम देता रहा। इसके बाद उसकी हत्या कर दी तथा साक्ष्य मिटाने के लिए एसिड डाल कर शव को नष्ट कर दिया। आरोपी के निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाईकिल, चप्पल, बाला और चूड़ी का टुकड़ा , क्लीप, घड़ी , रस्सी और गमछा बरामद किया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को सोमवार को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
