नैनीताल : दिल्ली के एक अधिकारी पर नाबालिग के यौन शोषण का गंभीर आरोप लगा है। अधिकारी के खिलाफ यौन शोषण संरक्षण अधिनियम (पोक्सो) की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। मामला अल्मोड़ा जनपद के राजस्व पुलिस क्षेत्र का बताया जा रहा है। आरोपी ए वी प्रेमनाथ दिल्ली सरकार में अधिकारी है और बताया जा रहा है कि उसकी पत्नी अल्मोड़ा के मजखाली के डांडा कांडा में प्लीजेंट वैली फाउंडेशन नाम का गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) चलाती है। नाबालिग भी दिल्ली की रहने वाली है और बताया जा रहा है कि यहीं आरोपी द्वारा उसका यौन उत्पीड़न किया गया।
आरोपी ने कुछ समय पहले उसकी मां की जमानत कराने के नाम पर उसके साथ छेड़छाड़ की। बताया जा रहा है कि उसने जिला प्रशासन से इस मामले की शिकायत की और जिला प्रशासन के निर्देश पर राजस्व पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पोक्सो के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया। यह भी पता चला है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से इस मामले की जांच पुलिस को सौंपने पर विचार किया जा रहा है। फिलहाल राजस्व पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया है। साथ ही पीड़िता का मेडिकल करा लिया गया है। अंकिता प्रकरण के बाद इस मामले के सामने आने से लोगों में रोष है।
नाबालिग यौन शोषण : दिल्ली के अधिकारी पर पोक्सो के तहत मामला दर्ज
