जम्मू : मनोज सिन्हा ने कश्मीर संभाग में तैनात अल्पसंख्यक कर्मचारियों के लिए एक सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया और उन्हें निरंतर समर्थन का आश्वासन दिया। सिन्हा ने शुक्रवार को राजभवन में ऑल माइनॉरिटी एम्प्लाइज एसोसिएशन, कश्मीर के एक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के दौरान इस आशय का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधिमंडल ने उपराज्यपाल को पीएमडीपी और अन्य रोजगार योजनाओं के तहत अल्पसंख्यक समुदाय के कर्मचारियों के विभिन्न संबंधित मुद्दों से अवगत कराया, जो कश्मीर संभाग में काम कर रहे हैं। सदस्यों ने कर्मचारियों की शिकायतों के संबंध में विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने अल्पसंख्यक समुदाय के कर्मचारियों के कल्याण के लिए विभिन्न उपाय करने के लिए उपराज्यपाल के नेतृत्व वाले यूटी प्रशासन का भी आभार व्यक्त किया। उपराज्यपाल ने कहा कि हम अल्पसंख्यक समुदायों के कर्मचारियों के मुद्दों के प्रति संवेदनशील हैं और प्राथमिकता पर उनकी शिकायतों को हल करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
अल्पसंख्यक कर्मचारियों को सुरक्षित वातावरण मिलेगा
