प्रयागराज : नकली उर्वरक की जांच के लिए निकली कृषि विभाग की टीम से हंडिया के सराय ममरेज में दुकानदार ने बदसलूकी की। अफसरों को मौके पर सामान भी नहीं दिखाया और अभिलेख भी नहीं दिए। इसके बाद कृषि विभाग की टीम ने पुलिस बुलाकर मामला दर्ज कराया। प्रदेश सरकार ने कृषि विभाग को खाद की दुकानों से नमूने लेने के लिए कहा है। जिला कृषि अधिकारी सुभाष मौर्य के नेतृत्व में टीम ने जिले की 32 दुकानों से 23 नमूने संग्रहित किए। टीम के सदस्य सराय ममरेज पहुंचे तो बेचन लाल की दुकान पर टीम का सहयोग नहीं किया गया। आरोप है कि दुकानदार ने टीम से बदसलूकी की और दस्तावेज नहीं दिए। इसके बाद एसडीएम हंडिया को बुलाकर घटना की जानकारी दी गई। दुकान का सभी सामान सीज कर दिया गया और एफआईआर दर्ज की गई।
