गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

बदमाशों ने दम्पती की गोली मारकर हत्या की

भरतपुर : राजस्थान में करौली के मासलपुर थाना क्षेत्र में कैला देवी के दर्शन करके लौट रहे उत्तरप्रदेश निवासी पति-पत्नी की बदमाशों ने भोजपुर के समीप गोली मारकर हत्या कर दी।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को ग्रामीणों को दोनों के शव कार में लहूलुहान हालत में मिले। कार में मिले पहचान पत्र से दोनों की पहचान उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के किरावली थाना क्षेत्र में सांथा गांव के निवासी विकास (22) और दीक्षा (18) के रूप में हुई। दोनों की नौ महीने पहले ही विवाह हुआ था।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि दोनों की गोली मारकर हत्या की गई है। उनके शरीर पर गोलियों के निशान हैं। कार और घटना स्थल पर कारतूस के खोल पड़े मिले हैं।
हादसे की सूचना पर करौली के पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने साक्ष्य जुटाए हैं।
करौली के पुलिस उपाधीक्षक अनुज शुभम ने बताया कि विकास के दो गोली लगी जबकि दीक्षा को एक गोली लगी थी। कैला देवी सहित कई स्थानों से सीसीटीवी फुटेज लिए हैं। पुलिस घटना को लेकर सभी कोणों से जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार विकास और दीक्षा मंगलवार दोपहर अपने गाँव से कैला देवी के लिए निकले थे। दीक्षा के पिता सियाराम ने बताया कि मंगलवार शाम चार बजे दीक्षा से बात हुई थी। तब सब ठीक था। सियाराम ने बताया कि कुछ और लोगों के भी कार से विकास और दीक्षा के साथ आने की सूचना थी। फिलहाल पुलिस गहराई से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *