गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

विकास यात्रा के दौरान गले में सर्प डाले नजर आए विधायक

रीवा/भोपाल : मध्यप्रदेश में इन दिनों सरकार की ओर से निकाली जा रही विकास यात्राओं के दौरान रीवा जिले में एक अजीबोगरीब नजारा दिखायी दिया, जब एक विधायक श्यामलाल द्विवेदी सार्वजनिक मंच पर ही गले में सर्प डाले हुए और बीन पर हाथ आजमाते दिखे।
इस घटना का वीडियो आज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ और लोगों ने उस पर अपने अपने तरीके से टिप्पणियां कीं। यह वीडियो रीवा जिले के त्योंथर विधानसभा क्षेत्र का एक दो दिन पुराना बताया गया है।
वीडियो में दिखायी दे रहा है कि अपनी आंखों पर काला चश्मा चढ़ाए भारतीय जनता पार्टी विधायक श्री द्विवेदी सार्वजनिक कार्यक्रम में शिरकत कर रहे हैं। वे अपने स्थान पर थे, तभी एक व्यक्ति (संभवत: सपेरा) उनके पास पहुंचा और एक टोकरी में से सर्प को निकालकर विधायक के गले में डाल दिया। इसके बावजूद विधायक निर्भीक नजर आए और वे उस व्यक्ति द्वारा दी गयी बीन पर हाथ आजमाते हुए भी दिखे। कुछ सैकंड तक सर्प विधायक के गले में इधर उधर हुआ और फिर सपेरे ने उसे वापस अपने कब्जे में ले लिया।
राज्य में इन दिनों विकास यात्राएं निकाली जा रही हैं, जिसमें जनप्रतिनिधि विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों से संवाद करने का प्रयास कर रहे हैं। इन यात्राओं से जुड़े कुछ अजीबोगरीब वीडियो भी सामने आए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *