भोपाल : लोकसभा सचिवालय की ओर से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की सदस्यता रद्द किए जाने पर पार्टी की मध्यप्रदेश इकाई के अध्यक्ष कमलनाथ ने आज कहा कि केंद्र सरकार ने गांधी के खिलाफ षड़यंत्रों की हदें पार कर दी हैं और सदस्यता रद्द करने के फैसले ने बता दिया है कि सरकार गांधी से भयभीत है।
कमलनाथ ने अपने ट्वीट में कहा कि केंद्र सरकार ने कांग्रेस के सम्मानित नेता गांधी के खिलाफ षड्यंत्र करने में सारी हदें पार कर दी हैं। जिस तरह से उनकी लोकसभा सदस्यता रद्द की गई है, उससे स्पष्ट है कि सरकार गांधी से भयभीत है।
उन्होंने कहा कि सरकार गांधी के उठाए सवालों का जवाब देने के बजाय उन्हें लोकसभा से दूर करने का रास्ता तलाश रही थी। आज का दिन भारतीय लोकतंत्र के लिए अत्यंत दुख और पीड़ा का दिन है, लेकिन एक बात अच्छी तरह याद रखनी चाहिए कि ऐसे ही षड्यंत्र स्वर्गीय इंदिरा गांधी के खिलाफ भी किए गए थे, लेकिन उससे वे मजबूत ही हुईं थीं, कमजोर नहीं। आज भारत की जनता पहले से कहीं मजबूती के साथ गांधी के साथ खड़ी है। इंसाफ होकर रहेगा।
मोदी सरकार राहुल से भयभीत, पार कीं षड़यंत्रों की हदें
