गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

मोदी कल उज्जैन में, श्री महाकाल लोक करेंगे देश को अर्पित

उज्जैन : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल मध्यप्रदेश के उज्जैन में श्री महाकालेश्वर मंदिर धाम परिसर में नवनिर्मित भव्य महाकाल कॉरिडोर ‘श्री महाकाल लोक’ का लोकार्पण करेंगे। श्री मोदी कल शाम छह बजे इस भव्य परिसर को देश को अर्पित करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत मंत्रिमंडल के कई सदस्य और भारतीय जनता पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।
इसके पहले इस नवनिर्मित परिसर के लोकार्पण के लिए उज्जयिनी नगरी पूरी तरह सज-संवर कर तैयार हो गई। उज्जैन समेत प्रदेश भर के मुख्य मंदिरों को अद्भुत साज-सज्जा से सुशोभित किया गया है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने श्री महाकाल लोक के लोेकार्पण के पहले प्रदेश की जनता से अपील की है कि लोकार्पण का निमंत्रण सभी को है, लेकिन चूंकि एक दिन में सभी यहां नहीं आ सकते, इसलिए लोग अपने गांव-शहर के मंदिरों और अपने घरों में शाम 5 बजे से दीपक जलाएं। भजन-कीर्तन, पूजन-अर्चन करें।
उन्होंने कहा कि ऐसा लग रहा है जैसे जीवन सार्थक हो गया हो। 2016 में जो कल्पना आई थी कि एक ऐसी शिव सृष्टि जिसमें महाकाल महाराज के दर्शन के बाद भक्तों को शिव लीलाएं देखने को मिले। 2017 में विद्वानों से विचार-विमर्श हुआ और 2018 में कैबिनेट ने इस प्रकल्प को स्वीकृति दी। उन्होंने कहा कि श्री महाकाल लोक के प्रकल्प के बारे में जो सोचा था उससे कहीं बहुत उत्तम, अद्भुत, अकल्पनीय और एक ऐसा काम जो हमारी सांस्कृतिक अभ्युदय का काम है वह हुआ है। पूरी उज्जयिनी, अवंतिका, पूरा मध्यप्रदेश आनंद से भरा हुआ है।

श्री महाकाल की इच्छा से ही यह कार्य संपन्न हुआ है और उनकी कृपा बरसेगी। अद्भुत आनंद का विषय यह है कि स्वयं प्रधानमंत्री श्री मोदी अपने हाथों से लोकार्पण करेंगे। श्री चौहान ने कल मंत्रिमंडल के कई सदस्यों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ लोकार्पण तैयारियों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने श्री महाकाल लोक की अद्भुत मूर्तियों एवं कलाकृतियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि श्री महाकाल लोक के लोकार्पण से पूर्व सभी को यहाँ की विशेषताओं के बारे में जानकारी मिले।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *