पन्ना : बाबूलाल मरांडी ने आज कहा कि केन्द्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने अपने कार्यकाल में आदिवासियों का गौरव बढ़ाने का काम किया है। मरांडी ने यह बात जिले के आदिवासी ग्राम कल्दा में केन्द्र सरकार के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 9 वर्श पूर्ण होने पर आयोजित आदिवासी सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद विष्णुदत्त शर्मा और राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी मौजूद रहीं। उन्होंने कहा कि आज देश के विकास में हर व्यक्ति अपनी भूमिका निभा रहा है ऐसे में जनजातीय समाज की भी एक निश्चित भूमिका है और हमें खुशी है कि यह समाज अपनी भूमिका बेहतर तरीके से अदा कर रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में 600 से अधिक आदिवासी जातियां है लेकिन पूर्ववर्ती सरकारों ने इन्हे कोई पहचान नहीं दी। मोदी सरकार ने 8 आदिवासी सांसदों को अपने मंत्रिमंडल में जगह दी। वहीं आदिवासी बहन को राष्ट्रपति पद पर आसीन कर आदिवासियों का गौरव बढाया है। श्री मरांडी ने कहा कि कई आदिवासियों ने देश की आजादी के लिए काम करते हुए अपने प्राण तक न्यौछावर कर दिए लेकिन कांग्रेस की सरकार ने कभी भी उन्हें सम्मान नहीं दिलाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आदिवासी क्रांतिकारियों का सम्मान करते हुए उनके लिए स्मारक बनाएं और 15 नवंबर बिरसा मुंडा की जयंती पर देश के इतिहास और संस्कृति में जनजातीय समुदायों के योगदान को याद करने के लिए जनजातीय गौरव दिवस के रूप में घोषित किया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार में आदिवासी गरीब इलाज के अभाव में दम तोड़ देते थे लेकिन हमारी सरकार ने उनके दर्द को समझा और आयुष्मान योजना में 5 लाख तक का इलाज मुफ्त सुनिश्चित्त किया। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले वर्षों में देश अपने शताब्दी वर्ष मनाने जा रहा है और यह उत्सव बिना आदिवासियों के संभव नहीं है, इसलिए प्रधानमंत्री श्री मोदी यह कहते है कि हमारा एकमात्र मिशन हर आदिवासी और हर गांव तक विकास की योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेंगे तभी इस देश का स्वर्णकाल चालू होगा।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने आदिवासी सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि पन्ना का यह कल्दा आदिवासी क्षेत्र बहुत ही दूरस्थ क्षेत्र माना जाता था। एक समय था यहां तक पहुंचने के लिए कोई रास्ता नहीं था। लेकिन प्रधानमंत्री स्व. अटलबिहारी वाजपेयी कहते थे कि जब तक गांव, शहर से नहीं जुडेंगा तब तक गांव का विकास संभव नहीं है। इसी सोच के साथ वाजपेयी ने प्रधानमंत्री ग्राम सडक योजना बनायी, जिसके कारण आज कल्दा जैसे दूरस्थ आदिवासी क्षेत्रों में भी सडकें बनी है।
उन्होंने कहा कि सडक, पानी और बिजली हर व्यक्ति की मूल सुविधाएं है, उन्हें पूरा करने का काम मोदी सरकार ने किया है। आज आदिवासी अंचलों में सड़कों की पहुंच है। नल, जल योजना से हर घर तक जल पहुंच रहा है वहीं सौभाग्य योजना से आज देश के दूरस्थ गांवों में भी बिजली पहुंची है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार द्वारा संचालित आयुष्मान भारत योजना, उज्जवला योजना, पीएम आवास एवं अन्नपूर्णा योजना समेत किसान सम्मान निधि जैसी विभिन्न जनहितैषी योजनाओं से गरीबों का जीवन बदला है।
राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी ने आदिवासी सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस ने कभी भी आदिवासियों की सुध नहीं ली और न इस वर्ग का सम्मान किया। सच्चे अर्थों में भारतीय जनता पार्टी ही आदिवासियों की हितैषी है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने राष्ट्रपति जैसे महत्वपूर्ण पद पर आदिवासी बहन द्रोपदी मुर्मू को बैठाया। आज देश का संपूर्ण आदिवासी समाज गौरवान्वित है। सम्मेलन में पार्टी जिला अध्यक्ष रामबिहारी चौरसिया, कटनी के पूर्व महापौर शशांक श्रीवास्तव, रामअवतार, बबलू पाठक, सदानंद गौतम, पन्ना जिला पंचायत अध्यक्ष मीना राजे, सुशील त्रिपाठी, विवेक मिश्रा उपस्थित थे।
मोदी ने बढ़ाया आदिवासियों का गौरव
