अहमदाबाद : नरेन्द्र मोदी और संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने मंगलवार को गुजरात के अहमदाबाद में रोड शो किया। शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान की अगवानी के लिए श्री मोदी और राज्य के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल यहां के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे और उनका आज शाम जोरदार स्वागत किया। उसके बाद श्री मोदी और श्री शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने अहमदाबाद में हवाई अड्डे से तीन किलोमीटर लंबा रोड शो शुरू किया। इस अवसर मार्ग में विभिन्न सांस्कृतिक समूहों द्वारा सांस्कृतिक झांकियां और नृत्य प्रस्तुत कर उनका स्वागत-सत्कार किया गया।
इससे पहले राज्य के गांधीनगर में आज सुबह प्रदर्शनी और स्टॉल के साथ दो लाख वर्ग मीटर क्षेत्र में फैले भारत के इस सबसे बड़े ग्लोबल ट्रेड शो का उद्घाटन श्री मोदी ने किया। उद्घाटन अवसर पर राज्य के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल सहित देश और दुनिया के गणमान्य व्यक्ति और उद्योगपति मौजूद रहे। यह ग्लोबल ट्रेड शो 10-11 जनवरी को बिजनेस विजिटर्स के लिए, जबकि 12-13 जनवरी को आम जनता के लिए खुला रहेगा। ट्रेड शो में अतिथि के रूप में 100 देश जबकि 33 देश पार्टनर कंट्री के रूप में हिस्सा ले रहे हैं।
दसवीं वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट-2024 के अंतर्गत आयोजित होने जा रहे इस ग्लोबल ट्रेड शो में ऑस्ट्रेलिया, तंजानिया, मोरक्को, मोजाम्बिक, दक्षिण कोरिया, थाइलैंड, एस्टोनिया, बांग्लादेश, सिंगापुर, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), यूनाइटेड किंगडम (यूके), जर्मनी, नार्वे, फिनलैंड, नीदरलैंड, रशिया, रवांडा, जापान, इंडोनेशिया और वियतनाम सहित कुल 20 देश अपने-अपने देशों के उद्योगों की जानकारी प्रदर्शित करेंगे। इस प्रदर्शनी में अनुसंधान क्षेत्र के लगभग 1000 से अधिक प्रदर्शक भाग लेंगे, जो विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे अनुसंधान और नवचार को प्रदर्शित करेंगे। ट्रेड शो में अतिथि के रूप में 100 देश जबकि 33 देश पार्टनर कंट्री के रूप में हिस्सा ले रहे हैं।
इस ट्रेड शो में कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण, ऑटोमोबाइल और ऑटो कम्पोनेंट्स, सिरामिक्स, केमिकल्स और पेट्रोकेमिकल्स, जेम्स एंड ज्वैलरी, फार्मास्युटिकल्स और पोर्ट और मरीन जैसे क्षेत्रों में अत्याधुनिक उत्पादनों एवं सेवाओं का प्रदर्शन किया गया है। टेक्सटाइल और गार्मेंट, इलेक्ट्रिक व्हीकल, ग्रीन हाइड्रोजन, एयर क्राफ्ट और अनुषांगिक उद्योग, नवीकरणीय ऊर्जा, सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम डिजाइन एंड मैन्युफैक्चरिंग (ईएसडीएम), फिनटेक, साइबर सुरक्षा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और मशीन लर्निंग सहित अन्य उद्योग आकर्षण का केंद्र रहेंगे। ट्रेड शो में कुल क्षेत्र की सौ फीसदी बुकिंग पूरी हो चुकी है।
इसके अलावा ट्रेड शो के तहत कुल 13 हॉल की ‘मेक इन गुजरात’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ सहित विभिन्न 13 थीमें तय की गई हैं। प्रधानमंत्री के ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को साकार करने के लिए लगभग 450 सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) इकाइयां इस ट्रेड शो में सहभागी हो रही हैं जिसके तहत महिला सशक्तिकरण, एमएसएमई विकास, नई टेक्नोलॉजी, ग्रीन और स्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर और टिकाऊ ऊर्जा आदि पर इस प्रदर्शनी में विशेष ध्यान केंद्रित किया जाएगा। सूचना प्रौद्योगिकी और सूचना प्रौद्योगिकी संबद्ध सेवाओं (आईटी और आईटीईएस) स्टार्टअप्स एवं उनकी नवीन उत्पादों एवं सेवाओं को प्रदर्शित करने के लिए ‘टेकेड’ पवेलियन तैयार किया गया है। ट्रेड शो के दौरान रिवर्स बायर सेलर मीट और वेंडर्स डेवलपमेंट प्रोग्राम जैसी गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा।
मोदी, शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने किया रोड़ शो
