नई दिल्ली : कांग्रेस ने शुक्रवार को कहा कि उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्रसिंह रावत ने महात्मा गांधी के हत्यारे नाथू राम गोडसे को देशभक्त बताकर राष्ट्रपिता का अपमान किया है इसलिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करके उन्हें तत्काल भारतीय जनता पार्टी( भाजपा) से निकाल बाहर करना चाहिए। कांग्रेस सचिव वैभव वालिया ने आज यहां जारी एक बयान में कहा कि मोदी एक तरफ वैश्विक स्तर पर अपनी छवि चमकाने के लिए गांधीजी की प्रतिमा पर फूल चढ़ाते हैं और दूसरी तरफ अपनी पार्टी के नेताओं से गांधीजी का अपमान करवाते हैं।
उन्होंने कहा कि मोदी को गांधीजी का अपमान करने वाले उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करके बताना चाहिए कि वह सच में गांधी को मानते हैं। गाँधीजी को अपमानित करने वाले रावत के विरुद्ध यदि कार्रवाई नहीं होती है तो मोदी को गांधीजी की प्रतिमा पर पुष्प चढ़ाना और उनको लेकर प्रवचन देना बंद करना चाहिए। कांग्रेस नेता ने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब भाजपा के लोग गांधीजी का अपमान कर रहे हैं।
उन्होंने कहा था कि इससे पहले वर्ष 2019 में भाजपा सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने भी श्री रावत की तरह गोडसे को देशभक्त कहा था। उनका कहना था कि इस संबंध में पूछे गए सवाल पर श्री मोदी ने कहा था,“मैं कभी दिल से उन्हें माफ नहीं करूंगा।” आश्चर्य की बात है कि उनके खिलाफ आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि भाजपा में नंबर दो का स्थान रखने वाले गृह मंत्री अमित शाह ने 2017 में गांधीजी को ‘चतुर बनिया’ कहा था। जिस व्यक्ति ने आज़ादी की लड़ाई के दौरान सभी धर्मों और जातियों को एक करने का काम किया उसके लिए जाति सूचक शब्द के इस्तेमाल से बड़ा अपमान क्या हो सकता है।
वालिया ने कहा भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने एक न्यूज़ चैनल के डिबेट में मोदी को ‘देश का बाप’ बताया था।असम से भाजपा सांसद कामाख्या प्रसाद ने 2017 में कहा था कि दीन दयाल उपाध्याय की विचारधारा के बारे में जाने बिना लोगों के दिमाग में गांधी और नेहरू जैसा ‘कचरा’ भर दिया गया है। इसी तरह क़रीब तीन साल पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री अनंत हेगड़े ने गांधी जी के नेतृत्व में चले स्वतंत्रता आंदोलन को ड्रामा बताया था।
रावत को भाजपा से बाहर करें मोदी
