गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

शिंज़ो आबे की अंत्येष्टि में शामिल होने आज टोक्यो जाएंगे मोदी

नयी दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र माेदी जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंज़ो आबे के राजकीय अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए आज देर शाम टोक्यो के लिए रवाना होंगे। विदेश सचिव विनय मोहन क्वात्रा ने आज यहां संवाददाताओं को प्रधानमंत्री की इस यात्रा के बारे में बताया कि करीब 12 से 16 घंटे की इस यात्रा के दौरान श्री मोदी बुद्धो कान में श्री आबे के राजकीय अंतिम संस्कार कार्यक्रम में शामिल होंगे और इसके बाद अकासका पैलेस में मेल मुलाकात के लिए जाएंगे।
श्री आबे के अंतिम संस्कार में सौ से अधिक देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे जिनमें 20 से अधिक देशों के राष्ट्राध्यक्ष अथवा शासनाध्यक्ष होंगे। अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस भी वहां होंगी। श्री क्वात्रा ने कहा कि श्री आबे के भारत से मित्रता को आर्थिक संबंधों से आगे जाकर वैश्विक समग्र सामरिक संबंधों तक लाने में योगदान को देखते हुए भारत ने श्री आबे के निधन पर नौ जुलाई को राष्ट्रीय शोक घोषित किया था।

उनके प्रधानमंत्री श्री मोदी के साथ व्यक्तिगत संबंध भी प्रगाढ़ थे। विदेश सचिव ने कहा कि इस यात्रा के दौरान श्री मोदी प्रधानमंत्री फूूमियो किशिदा एवं श्रीमती आबे से मिल कर उन्हें भारत की ओर से संवेदना प्रकट करेंगे तथा श्री किशिदा के साथ एक संक्षिप्त द्विपक्षीय बैठक करेंगे।

इस बैठक में भारत एवं जापान के बीच संबंधों की समीक्षा की जाएगी और आपसी सहयोग के कार्यक्रमों में प्रगति का जायजा भी लिया जाएगा। एक सवाल के जवाब में श्री क्वात्रा ने कहा कि जापान के प्रधानमंत्री के साथ बैठक के अलावा श्री मोदी की जापान में कोई अन्य द्विपक्षीय बैठक होने का कार्यक्रम नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *