गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

मोदी करेंगे जनजातीय सम्मेलन को संबोधित

झाबुआ : नरेंद्र मोदी मध्यप्रदेश के आदिवासी बहुल झाबुआ जिला मुख्यालय पर रविवार को जनजातीय सम्मेलन को संबोधित करेंगे, जिसमें राज्य के विभिन्न हिस्सों के आदिवासी समुदाय से आने वाले नागरिक भी शिरकत करेंगे। मोदी इसके साथ ही आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के चुनाव अभियान की शुरूआत करेंगे। श्री मोदी की यात्रा के एक दिन पहले शनिवार को मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने यहां यात्रा का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर भाजपा नेता एवं लोकसभा चुनाव के प्रदेश प्रभारी डॉ महेंद्र सिंह और सह प्रभारी सतीश उपाध्याय भी मौजूद रहे।
गुजरात की सीमा से लगे झाबुआ में आयोजित जनजातीय सम्मेलन में झाबुआ और आसपास के जिलों के हजारों की संख्या में जनजातीय समुदाय के लोग भी शामिल होंगे। व्यापक भीड़ के मद्देनजर समारोहस्थल पर सुरक्षा संबंधी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।
लोकसभा चुनाव का कार्यक्रम अभी जारी नहीं हुआ है, लेकिन माना जा रहा है आगामी दो तीन माह में चुनाव हो जाएंगे। राज्य में लोकसभा की 29 सीट हैं और इनमें से 28 पर भाजपा का कब्जा है। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में राज्य की छिंदवाड़ा सीट पर कांग्रेस ने एक बार फिर कब्जा जमा लिया था। भाजपा इस बार सभी 29 सीटों पर विजय हासिल करने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है।
मोदी की प्रदेश यात्रा के एक दिन पहले प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने एक विशेष लेख लिखा है, जिसमें जनजातीय समुदाय के हित में केंद्र और भाजपाशासित राज्यों की ओर से उठाए गए कदमों के बारे में भी जिक्र है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *