भोपाल : नरेंद्र मोदी कल एक दिवसीय प्रवास पर मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल आएंगे। वे यहां जंबूरी मैदान में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर आयोजित होने वाले कार्यकर्ता महाकुंभ को संबोधित करेंगे। मोदी के दौरे के मद्देनजर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। आधिकारिक जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी का भोपाल में भ्रमण कार्यक्रम भी प्रस्तावित है। मोदी की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुये कार्यक्रम स्थल जम्बूरी मैदान से तीन किलोमीटर की परिधि में ड्रोन/पैराग्लाईडर/हॉट बैलून/ अन्य फ्लाईंग ऑबजेक्ट के उड़ने पर प्रतिबंध लगाने का आदेश जारी किया गया है तथा उक्त स्थान को रेड जोन/ नो फ्लाईंग जोन घोषित किया गया है।
यह आदेश 25 सितंबर को प्रभावशील रहेगा। इस आदेश का उल्लंघन करने पर दोषी व्यक्ति के विरूद्ध नियमानुसार भारतीय दण्ड विधान की धारा 188 के अंतर्गत वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। कमर्शियल फ्लाईट्स इस प्रतिबंधात्मक आदेश के पालन से मुक्त रहेंगी। यह आदेश आज से प्रभावशील हो गया है।
कार्यक्रम की तैयारियों काे लेकर आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जंबूरी मैदान पहुंचे और कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने जम्बूरी मैदान पर मंच, बैठक व्यवस्था, पेयजल और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने जम्बूरी हेलीपेड का भी निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के लिए की गई व्यवस्थाओं का अवलोकन करने के बाद मीडिया प्रतिनिधियों को बताया कि सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण हो गई हैं। प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए भोपाल और मध्यप्रदेश तैयार है।
मुख्यमंत्री द्वारा कार्यक्रम स्थल के निरीक्षण के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद विष्णुदत्त शर्मा, चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग एवं अन्य जनप्रतिनिधि के अलावा कमिश्नर भोपाल डॉ पवन शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। मोदी के भोपाल प्रवास को लेकर चौहान ने केन्द्रीय मंत्री एवं मध्यप्रदेश चुनाव सह प्रभारी अश्विनी वैष्णव, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा एवं भाजपा के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के साथ यहां बीएचईएल मार्ग पर भाजपा का झंडा लगाकर साज-सज्जा की।
