नई दिल्ली : नरेन्द्र मोदी गुरूवार को महाराष्ट्र और गोवा का दौरा करेंगे। प्रधानमंत्री दोपहर महाराष्ट्र में अहमदनगर जिले के शिरडी पहुंचेंगे, जहां वह श्री साईंबाबा समाधि मंदिर में पूजा और दर्शन करेंगे। वह मंदिर में नए दर्शन परिसर का भी उद्घाटन करेंगे। बाद में प्रधानमंत्री निलवंडे बांध का जल पूजन करेंगे और बांध के एक नहर नेटवर्क को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री शिरडी में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में भाग लेंगे जहां वह स्वास्थ्य, रेल, सड़क और तेल जैसे क्षेत्रों में लगभग 7500 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन , राष्ट्र को समर्पित और कुछ की आधारशिला रखेंगे।
शाम को प्रधानमंत्री गोवा पहुंचेंगे, जहां वह 37वें राष्ट्रीय खेलों का उद्घाटन करेंगे।
शिरडी में प्रधानमंत्री द्वारा उद्घाटन किए जाने वाला नया दर्शन परिसर नवीनतम तकनीक से पूर्ण एक आधुनिक विशाल भवन है जिसकी परिकल्पना भक्तों को आरामदायक प्रतीक्षा क्षेत्र प्रदान करने के लिए की गई है। यह दस हजार से अधिक भक्तों के बैठने की क्षमता वाले कई प्रतीक्षा हॉलों से सुसज्जित है। इसमें क्लॉक रूम, शौचालय, बुकिंग काउंटर, प्रसाद काउंटर, सूचना केंद्र आदि जैसी वातानुकूलित सार्वजनिक सुविधाओं का प्रावधान है। इस नए दर्शन कतार परिसर की आधारशिला अक्टूबर, 2018 में प्रधानमंत्री द्वारा रखी गई थी।
प्रधानमंत्री निलवंडे बांध के नहर नेटवर्क (85 किमी) को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इससे पानी के वितरण नेटवर्क की सुविधा से सात तहसीलों के 182 गांवों को लाभ होगा। निलवंडे बांध को करीब 5177 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जा रहा है। सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ‘नमो शेतकरी महासम्मान निधि योजना’ का शुभारंभ करेंगे। इस योजना से महाराष्ट्र में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के 86 लाख से अधिक लाभार्थियों को प्रति वर्ष 6000 रुपये की अतिरिक्त राशि प्रदान की जाएगी।
इसके अलावा प्रधानमंत्री कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इनमें अहमदनगर सिविल अस्पताल में आयुष अस्पताल, कुर्दुवाड़ी-लातूर रोड रेलवे खंड (186 किमी) का विद्युतीकरण, जलगांव को भुसावल से जोड़ने वाली तीसरी और चौथी रेलवे लाइन (24.46 किमी), एनएच-166 के सांगली से बोरगांव खंड को चार लेन का बनाना तथा इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड के मनमाड टर्मिनल पर अतिरिक्त सुविधाएं शामिल हैं।
प्रधानमंत्री अहमदनगर सिविल अस्पताल में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य विंग की आधारशिला रखेंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड और स्वामित्व कार्ड भी वितरित करेंगे। गोवा में प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, मडगांव में 37वें राष्ट्रीय खेलों का उद्घाटन करेंगे। वह खेलों में भाग लेने वाले खिलाडि़यों को भी संबोधित करेंगे। गोवा में राष्ट्रीय खेल पहली बार आयोजित हो रहे हैं। ये खेल 26 अक्टूबर से 9 नवंबर तक होंगे। देश भर से 10,000 से अधिक एथलीट 28 स्थानों पर 43 से अधिक खेल विधाओं में प्रतिस्पर्धा करेंगे।
मोदी महाराष्ट्र और गोवा के दौरे पर जायेंगे
