पटना : नरेन्द्र मोदी बिहार में इस बार के लोकसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) उम्मीदवारों के समर्थन में 12 मई को राजधानी पटना में एक विशाल रोड शो करेंगे और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) इसकी तैयारी में जुट गई है। पूर्व केंद्रीय मंत्री और पटना साहिब संसदीय क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार रविशंकर प्रसाद ने बुधवार को यहां संवाददाताओं से कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी 12 मई को पटना में विशाल रोड शो करेंगे । उन्होंने कहा कि यह पटना में किसी भी प्रधानमंत्री का पहला रोड शो होगा क्योंकि इससे पहले प्रधानमंत्री राजधानी के ऐतिहासिक गांधी मैदान में जनसभाओं को संबोधित करते रहे हैं।
श्री प्रसाद ने कहा, “भाजपा बिहार के लोगों से अपील करती है कि वे पटना में बड़ी संख्या में प्रधानमंत्री श्री मोदी के रोड शो में शामिल हों। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रमों, रोड शो के मार्गों और समय का विवरण तैयार किया जा रहा है और इसे जल्द ही जारी किया जाएगा।
इस मौके पर बिहार के उप मुख्यमंत्री और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने मीडियाकर्मियों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद यादव हमेशा उन लोगों को आरक्षण का लाभ देते रहे हैं जिन्हें वह अपने समर्थक मानते हैं। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार के शासन में संविधान को कोई खतरा नहीं है। वास्तव में अनुच्छेद 370 को निरस्त करने सहित सभी निर्णय संविधान की भावना को ध्यान में रखकर लिए गए हैं।
श्री चौधरी ने राजद नेता तेजस्वी प्रसाद यादव की उस टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर कि विपक्ष ने प्रधानमंत्री श्री मोदी को सड़क पर उतरने के लिए मजबूर किया, पर कहा कि श्री मोदी एक ‘फकीर’ हैं। उन्होंने कहा कि राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव भ्रष्टाचार में लिप्त रहे हैं।
मोदी का 12 मई को पटना में रोड शो, तैयारी में जुटी भाजपा
