नैनीताल : कांग्रेस पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उत्तराखंड दौरे को निराशाजनक बताया है। प्रतिपक्ष के नेता यशपाल आर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री का दौरा राजनीतिक साबित हुआ है और उससे प्रदेश को कुछ लाभ होने वाला नहीं है। मीडिया को जारी एक बयान में श्री आर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री को अपने दौरे पर पद की गरिमा के अनुसार प्रदेश और राष्ट्रीय महत्व की परियोजनाओं की आधारशिला रखनी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता लंबे समय से टनकपुर-बागेश्वर रेल मार्ग की बाट जोह रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री छह बार केदारनाथ आ चुके हैं, लेकिन केन्द्र और राज्य सरकार बदरी-केदार की समस्याओं का निराकरण नहीं कर पायी हैं। केदारनाथ में बाबा की भोग मंडी, मुख्य पुजारी, वेदपाठी और कर्मचारियों के आवास भी नहीं बन पाये हैं और न ही तीर्थ पुरोहितों को भूमिधरी अधिकार मिल पाये हैं। उन्होंने कहा कि केदारनाथ सोना घोटाला से उत्तराखंड की पूरी दुनिया में बदनामी हुई है। प्रधानमंत्री को इस मामले में वस्तुस्थिति साफ करनी चाहिए।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में उत्तराखंड के सैनिकों के शौर्य की बात भी कही, लेकिन पुरानी भर्ती की मांग कर रहे युवाओं से प्रधानमंत्री ने मिलना तो दूर इस मामले में कुछ भी नहीं कहा। उन्होंने यह भी कहा कि श्री मोदी जोशीमठ आपदा और पुनर्वास जैसे मामले पर भी कुछ नहीं बोले। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने मानस खंड के नाम पर कुमाऊं के लोगों को झूठे सपने दिखाये और भाजपा इस प्रधानमंत्री के दौरे पर हुए फोटो शूट का प्रयोग पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में प्रचार के लिये करेगी।
