पांच को भेजा जेल
प्रतापगढ़ : उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में सादे लिवास में मंदिर दर्शन करने जा रही महिला सिपाहियों से मनचलों ने दुस्साहसिक ढंग से सरेशाम छेडछाड व मारपीट की घटना को अंजाम दिया। सांगीपुर थाना पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियो के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर बुधवार को पांचों को जेल भेज दिया। सांगीपुर थाने मे तैनात एक महिला आरक्षी अपने साथ तैनात एक अन्य महिला आरक्षी के साथ स्कूटी से दीपावली की शाम को बाबा घुइसरनाथ धाम दर्शन पूजन को जा रही थी। थाने से कुछ दूर नौगीर के पास पीछे से दो बाइक पर सवार पांच मनचले युवकों ने महिला आरक्षियों पर अश्लील फब्तियां कसनी शुरू कर दी।
महिला आरक्षियो ने युवकों की हरकतों को पहले टालने का प्रयास किया। दुस्साहसिक युवकों ने सांगीपुर घुइसरनाथ मार्ग पर देउम के समीप एक पेट्रोल पम्प के पास बाइक ओवरटेक कर स्कूटी के सामने लगाकर महिला आरक्षियों को रोक लिया। महिलाओं ने युवकों का विरोध किया तो मनचलों ने महिला आरक्षी को मारना पीटना शुरू कर दिया। बचाव मे पीड़िता दूसरी महिला आरक्षी को भी आरोपियो ने मारपीट कर चुटहिल कर दिया। आरोपियों के हमले में दोनों महिला आरक्षी घायल हो गयीं। जबकि एक महिला आरक्षी मौके पर बेहोश हो गयी। संयोग से तभी वहां एक अन्य महिला आरक्षी भी पहुंच गयी। युवकों को यह पता चला कि घायल महिलाएं सांगीपुर थाने मे तैनात हैं तो वह महिला आरक्षियों को गाली देते हुए जान से मार देने की धमकी देकर चले गये।
घायल महिला आरक्षियों को पुलिस सांगीपुर सरकारी अस्पताल लेकर पहुंची। यहां उनका इलाज होने के साथ चोटों का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। घायल महिला आरक्षी ने हमलावरों की एक बाइक का नंबर नोट कर लिया था। वहीं पुलिस को पेट्रोल पम्प के सीसी फुटेज से भी हमलावरों की पहचान करने मे मदद मिल गयी। पुलिस ने हमलावरो को धर दबोचा तथा इनके खिलाफ महिला आरक्षी की तहरीर पर हत्या के प्रयास, मारपीट, छेड़छाड़ सहित अन्य गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ के लिये दबिश देना प्रारंभ कर दिया। इनकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने इनकी शिनाख्त वैशन का पुरवा राजमतीपुर निवासी विपुल सिंह पुत्र बृजभान सिंह, अजीत वर्मा पुत्र संजय वर्मा, अभिषेक सिंह पुत्र तालुकदार सिंह, शिवपूजन वर्मा पुत्र पप्पू वर्मा एवं शिवकेश कुमार कोरी पुत्र कल्पनाथ कोरी निवासी पूरे नंदा वैश्य राजमतीपुर के रूप में की है। पुलिस ने इन सभी को जेल भेज दिया है।
