शिमला : हिमाचल प्रदेश सरकार ने राज्यभर की निगरानी के लिए ड्रोन तैनात करवाने का निर्णय लिया है।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गुरुवार देर शाम अपने संबोधन में कहा कि राज्य भर में यातायात प्रबंधन, फंसे ट्रेकर्स का पता लगाने और बचाव करने, अवैध खनन को रोकने, वन्य जीवन एवं जंगल की सुरक्षा को लेकर ड्रोन के माध्यम से नजर रखी जाएगी।
सुक्खू ने कहा कि इस बात पर गंभीरता से विचार करने की सख्त जरूरत है कि आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर विभिन्न सरकारी विभागों की सेवाओं को कैसे तेज किया जा सकता है? इससे बड़े पैमाने पर लोगों को भी लाभ होगा। इसके अलावा, प्रौद्योगिकी स्वास्थ्य और अन्य क्षेत्रों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
सुक्खू ने कहा कि कृषि क्षेत्र में सूक्ष्म पोषक तत्वों के प्रसार के लिए ड्रोन का भी उपयोग किया जा सकता है। इससे न केवल समय की बचत होगी बल्कि प्रत्याशित परिणाम भी सुनिश्चित होंगे।
उन्होंने कहा कि दुनिया बड़े पैमाने पर उन्नत प्रौद्योगिकी के युग में प्रवेश कर चुकी है। यह समय की मांग है कि सरकार सभी क्षेत्रों में तेजी से विकास और दक्षता के लिए आधुनिक तकनीक को अपनाए। राज्य सरकार भविष्य में नयी तकनीक जोड़कर राज्य के लोगों को बेहतर सेवाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है।
हिमाचल की निगरानी ड्रोन से अब
