जिलास्तरीय ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में मिले 303 निवेशकों ने दिये 13422 करोड़ के प्रस्ताव
अलीगढ़। मा0 बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने कहा कि यह गर्व का क्षण है जब प्रदेश की स्थिति को विगत 05 वर्ष में इतना अच्छा बनाया गया है कि देश-विदेश में यहां की सुधरी हुई कानून व्यवस्था की चर्चा है। आज अलीगढ़ में 13 हजार करोड़ से अधिक के निवेश उसी का सुखद परिणाम हैं। उन्होंने कहा कि एक निवेशक तभी निवेश करता है जब वह अपने निवेश के सुरक्षित रहने के प्रति पूरी तरह से आश्वस्त हो। आज विकास को केन्द्रित करते हुए मा0 प्रधानमंत्री जी एवं मा0 मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में आप सभी के सहयोग से उत्तर प्रदेश विकास के पथ पर अग्रसर है। अराजक तत्वों एवं दंगों के लिये आज प्रदेश में कोई जगह नहीं है। निवेशकों एवं औद्योगिक घरानों को इकाई स्थापना के लिये एनओसी लेने के लिये महीनों का समय लगता था अब सिंगल विंडो क्लियरेंस के माध्सम से उसे कुछ दिनों में ही दूर किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उन्हें प्रदेश में निवेश को बढ़ावा देने के लिये देश भर में रोड शो करने का मौका मिला, सभी जगह से यही फीडबैक मिला कि आज उत्तर प्रदेश एक बदला हुआ प्रदेश है। अब यहां बिना रिश्वत और भ्रष्टाचार के कार्य किये जा रहे हैं। पिछले इंवेस्टर्स समिट में भी हमने अच्छा निवेश प्राप्त किया था, हमने कोविड काल को भी झेला है। मा0 मोदी जी के नेतृत्व में आयोजित ग्राउण्ड ब्रेकिंग सेरेमनी में निवेशकों व उद्यमियों से बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। इस बार पुरानी कमियों को दूर किया गया है, अब तक ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट के लिये 08 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं। आज 25 करोड़ की आबादी वाले उत्तर प्रदेश के विकास का एक ही एजेण्डा है कि बिना किसी भेदभाव व भ्रष्टाचार के एक-एक व्यक्ति तक विकास का उजाला पहुॅचे। उत्तर प्रदेश बाहें फैलाकर आपके स्वागत को तत्पर है, इकाई स्थापना में कोई अड़चन नहीं आने दी जाएगी। प्रदेश में औद्योगिक नीतियों को उद्यमियों के अनुसार बदला गया है ताकि अधिक से अधिक रोजगार सृजन के अवसर मुहैया हो सकें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह के नेतृत्व में 08 फरवरी तक निवेश का यह आंकड़ा 15 हजार करोड़ को भी पार कर जाएगा।
मा0 सांसद श्री सतीश कुमार गौतम ने कहा कि जिस तरह से लखनऊ में 10 से 12 फरवरी के मध्य ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट होने जा रहा है उसी तरह आज अलीगढ़ इंवेस्टर्स समिट का आयोजन किया गया है। अब तक अलीगढ़ तालानगरी से जाना जाता रहा है परन्तु अब इसकी डिफेंस कॉरिडोर के रूप में एक नई पहचान पूरी दुनियां के सामने होगी। उन्होंने बताया कि जीटी रोड एनएच-91 को मुरादाबाद हाईवे एनएच-93 से पनेठी एवं पीएसी से होते हुए जोड़ने का प्रस्ताव मा0 केन्द्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी जी को दिया जा चुका है। 06 करोड़ की लागत से जल्द ही खैर एवं जट्टारी में बाईपास निर्माण का कार्य शुरू होगा। उन्होंने सभी उद्यमियों व निवेशकों से आव्हान किया कि भयमुक्त शासन एवं सिंगल विडों क्लियरेंस नीति का लाभ उठाते हुए अधिक से अधिक निवेश करें। उन्होंने कहा कि न केवल आप निवेश करें बल्कि देश-विदेश में रहने वाले अपने मित्रों व साथियों को भी अलीगढ़ में निवेश के लिये प्रोत्साहित करें।
मण्डलायुक्त नवदीप रिणवा ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज अलीगढ़ एवं यहां के उद्योगों के लिये बहुत ही महत्वपूर्ण दिन है। यूपी को 01 ट्रिलियल डॉलर इकॉनोमी बनाने का लक्ष्य प्राप्त करने के लिये प्रदेश में विगत कुछ वर्षों में उद्योग फ्रेंडली माहौल बना है। ईज ऑफ डूइंग में भी प्रदेश दूसरे स्थान पर है। उद्यमियों को की समस्याओं एवं शिकायतों को हम स्थानीय स्तर पर ही जिला व मण्डलीय उद्योग बन्धु बैठक में दूर करने का प्रयास करते हैं। अलीगढ़ का ताला पूरे भारत ही नहीं विश्व भर में प्रसिद्ध है और अब समय आ गया है जब अलीगढ़ की पहचान यहां के डिफेंस एवं हार्डवेयर उद्योग से भी होगी। उन्होंने कहा कि देश के अच्छे राज्यों में उत्तर प्रदेश की गिनती है। जट््टारी-खैर बाईपास बनने से जनपदवासियों को जहां यातायात में सुगमता होगी वहीं उद्यमियों के विकास को नये पंख लगेंगे। उन्होंने उद्यमियों, जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों को एक मंच पर लाने के लिये जिलाधिकारी समेत उद्योग विभाग की टीम को बधाई भी दी।
जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने कहा कि यह जनपद के लिये बड़ा हर्ष का विषय है कि मा0 मोदी जी और योगी जी के आव्हान पर हम सभी जनपद स्तरीय इंवेस्टर्स समिट मे कल्याण सिंह हैबिटैट सेंटर मे एक दूसरे से रूबरू हो रहे है। उद्यमी देश के विकास को गति देने का कार्य करते है। प्रत्येक माह आयोजित होने वाली जिला स्तरीय उद्योग बंधु की बैठक मे उद्यमियों का ऐसा कोई एजेण्डा लम्बित नहीं है जिसका समाधान न किया गया हो। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्हें दिल्ली में वाणिज्य दूतावास में विदेशी प्रतिनिधियों को सम्बोधित करने का मौका मिला जिसमें सभी ने उत्तर प्रदेश से जुड़े अपने अनुभवों को बताया, कहने का तात्पर्य है कि उत्तर प्रदेश की पहचान वैश्विक स्तर पर भी बनी हुई है। उन्होंने कहा कि अलीगढ़ इंवेस्टर्स समिट अन्य जनपदों से अलग है यहां निवेशकों को दोहरे निवेश ग्रीनफील्ड और ब्राउनफील्ड में निवेश करने का मौका मिल रहा है। उन्होंने उद्यमियों से आव्हान किया कि आईये आप और हम मिलकर हवाई, रेल, रोड सेवाओं से सुरक्षित एवं संरक्षित क्षेत्र अलीगढ़ में निवेश कर जनपद के विकास में भागीदारी करें। उन्होंने मकर संक्रांति से सूर्य उत्तरायण होने और नव वर्ष पर जनपदवासियों को मण्डलायुक्त एवं एडीए वीसी के सफल प्रयासों से शुरू हो रहे ट्रांसपोर्टनगर के शुभारम्भ की भी सूचना दी। उन्होंने अलीगढ़ इंवेस्टर्स समिट में प्राप्त 13 हजार करोड़ से अधिक के प्रस्ताव पर निवेशकों एवं उद्यमियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आपको इकाई स्थापना में जो भी लाइसेंस, अनुमतियां, एनओसी की आवश्यकता होगी उसको पूरा करना हमारा नहीं बल्कि मेरा सरदर्द है, आपको नियमों के तहत बस आवेदन करना है। डिफेंस कॉरिडोर, जेवर अलीगढ़ दिल्ली-एनसीआर, फ्रेट कॉरिडोर, यमुना एक्सप्रेस वे, धनीपुर एयरपोर्ट, डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर, ट्रांसपोर्टनगर, जेवर एयरपोर्ट, राज्य विश्वविद्यालय से आच्छादित जनपद हमें मौका दे रहा है जब हम अपने को एक अलग जनपद के रूप में विकसित करें। रेड कार्पेट आप सभी का वेलकम कर रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि आप जो भी एमओयू करेंगे उसे धरातल पर भी उतारेंगे। उन्होंने इच्छा व्यक्त करते हुए कहा कि ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट में अलीगढ़ का अपना एक अलग स्थान हो और यहां के उद्यमियों में वह दमखम है जिससे अलीगढ़ वैश्विक स्तर पर अपनी एक नई पहचान बनायेगा।
मा0 एमएलसी डा0 मानवेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि हमने उत्तर प्रदेश में वह स्थिति देखी है जब उद्यमी अपने को सुरक्षित नहीं समझते थे, अलीगढ़ ने भी उस दंश को झेला है। आज पुलिसिंग, सुरक्षा एवं उद्योग फ्रेंडली वातावरण के चलते देश ही नहीं दुनिया के सर्वश्रेष्ठ राज्यों में उत्तर प्रदेश को शुमार किया जा रहा है। जहां बड़े-बड़े देशों की जीडीपी नीचे जा रही है वहीं उत्तर प्रदेश की जीडीपी 08 प्रतिशत के साथ न केवल देश में बल्कि दुनिया में अव्वल नम्बर पर है। मा0 योगी जी के नेतृत्व में 17 देशों में अन्तर्राष्ट्रीय रोड शो के माध्यम से प्राप्त होने जा रहे निवेश से प्रदेश में 3.50 लाख से ज्यादा रोजगार सृजन होंगे। आज घंटो में प्रदेश के एक कोने से दूसरे कोने तक एक्सप्रेस वे के माध्यम से पहुॅचा जा सकता है। 05 अन्तर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट के साथ ही जेवर जोकि एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट है अलीगढ़ के विकास में सहायक होगा।
अलीगढ़ इंवेस्टर्स समिट में आया अपेक्षा से कहीं अधिक निवेश
