गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

एक पखवाड़े में 1400 से अधिक शिकायतें मिलीं

भोपाल : लोकसभा चुनाव के लिए आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद एक पखवाड़े के दौरान “सी विजिल एप” के जरिए कुल 1473 शिकायतें मिलीं, जिनका निराकरण कर दिया गया है। राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने आज यहां एक विज्ञप्ति के जरिए बताया कि लोकसभा चुनाव के लिए 16 मार्च से आदर्श आचार संहिता लागू होते ही “सी-विजिल एप” पर शिकायतें प्राप्त होने लगी हैं। आज तक प्रदेश के सभी जिलों से इस एप के माध्यम से कुल 1473 शिकायतें प्राप्त हो चुकी हैं। इन सभी शिकायतों का निराकरण कर दिया गया है।
श्री राजन ने बताया कि मुख्य रूप से सागर जिले में 165, ग्वालियर में 128, उज्जैन में 111, खरगोन में 70, शहडोल में 69, सीहोर में 60, रीवा में 59, धार में 57, भोपाल में 53, निवाड़ी में 51, रायसेन में 44 और राजगढ़ में 41 शिकायतों के साथ अन्य जिलों से भी शिकायतें प्राप्त हुई हैं।
श्री राजन ने नागरिकों से अनुरोध करते हुए कहा कि यदि वे चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन से जुड़ी किसी भी प्रकार की सीधी शिकायत करना चाहते हैं, तो वे सी-विजिल एप के माध्यम से कर सकते हैं। इसके लिए संबंधित नागरिक को सी-विजिल एप डाउनलोड करना होगा। शिकायत मिलने पर अगले 100 मिनट के भीतर कार्रवाई की जाएगी।
भारत निर्वाचन आयोग की ओर से आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन वाली शिकायतों के निवारण के लिए सी-विजिल एप तैयार किया गया है। इस एप के जरिए कोई भी नागरिक राजनैतिक दलों या प्रत्याशियों द्वारा मतदाताओं को लुभाने के लिए किसी भी तरह से धन, सामग्री, कपड़े, जेवरात आदि का वितरण करने, मतदाताओं को उनके पक्ष में मतदान करने के लिए धमकाने, मतदाताओं को स्वयं के वाहन से परिवहन करने, किसी भवन स्वामी की अनुमति के बिना उसके भवन या दीवारों या परिसर पर प्रचार सामग्री लगाने या दीवार पर विज्ञापन लिखवाने सहित अन्य प्रकार की शिकायतें कर सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *