सीकर जिले में खाटू श्यामजी के मासिक मेले में आज सुबह करीब सवा पांच बजे भगदड़ मच जाने से तीन महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई जबकि चार महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गयी। एकादशी का पर्व होने से खाटू श्यामजी मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ पिछले दो दिन से जमा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के सीकर में खाटू श्यामजी मंदिर परिसर में सोमवार सुबह मची भगदड़ में लोगों की मौत की घटनापर दुख जताया है। मोदी ने अपने ट्वीट में कहा राजस्थान के सीकर में खाटू श्यामजी मंदिर परिसर में मची भगदड़ में लोगों की मौत की घटना बेहद दुखद है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी खाटूश्याम जी मंदिर में भगदड़ से श्रद्धालुओं की मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि मंदिर में हुई भगदड़ में कई श्रद्धालुओं की मृत्यु की खबर हृदय विदारक है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने की प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की। ओम बिरला ने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए कहा कि प्रशासन त्वरित गति से राहत अभियान चलाए। सभी श्रद्धालुओं से विनम्र आग्रह है कि संयम बनाए रखें और स्थिति को नियंत्रित करने में प्रशासन का सहयोग करें।
