ग्रामीण की मलबे में दबकर हुई मौत
बहराइच : उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के थाना मटेरा क्षेत्र के ग्राम समोखन में बुधवार को एक ग्रामीण की मिट्टी की दीवार गिरने से मलबे में दबकर मौत हो गई। बहराइच जिले में दो दिनों से लगातार बारिश हो रही है, जिसके चलते जिन घरों की दीवारें कच्ची हैं उसमें नमी आ गई है। बुधवार को मटेरा थाना क्षेत्र के समोखन गांव में बारिश के कारण कच्ची दीवार गिरने से संतराम (40) पुत्र मैकूलाल की मौत हो गई। संतराम को मिट्टी में दबा देखकर घर में चीख पुकार मच गई।
आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर मिट्टी हटाने की कोशिश की, ग्रामीण जब तक मिट्टी हटाते तब तक संतराम की सांस थम चुकी थी। घटना की सूचना पुलिस को दी गई मौके पर मटेरा पुलिस पहुंची है। संतराम के घर में उसकी लड़की तीन लड़के व पत्नी और बूढी मां है। क्षेत्रीय लेखपाल मौके पर पहुंच कर क्षति आकलन कर रिपोर्ट तहसील प्रशासन को सौंप दी है। वहीं परिवार के लोग शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर रहे हैं।
