मनी लांड्रिंग केस में विधायक बेटे अब्बास, साले आतिफ के बाद अब माफिया से होगी पूछताछ
प्रयागराज : माफिया मुख्तार अंसारी को बुधवार को तगड़ा झटका लगा। प्रयागराज कोर्ट ने प्रवर्तन निदेशालय को उसे 10 दिन की रिमांड पर सौंप दिया। हालांकि, ईडी ने 14 दिन की रिमांड मांगी थी। ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में मुख्तार अंसारी को कोर्ट में पेश किया था। ईडीअब मुख्तार अंसारी से कई मुद्दों पर फिर से पूछताछ करेगी। इसके लिए ईडी ने अंसारी के खिलाफ बी वारंट जारी कराया था। बी वारंट को ईडी ने बांदा जेल में तामील भी करा दिया था। प्रयागराज में ईडी से जुड़े मामलों की सुनवाई जिला जज करते हैं।
मुख्तार अंसारी लंबे समय से जेल में ही बंद है। बुधवार को उसे बांदा जेल से प्रयागराज लाया गया था। मुख्तार से पहले उसके विधायक बेटे अब्बास अंसारी और साले आतिफ रजा उर्फ शरजिल को भी रिमांड पर लिया गया था। वे दोनों भी अभी जेल में ही बंद हैं। माना जा रहा है कि मुख्तार अंसारी से पूछताछ के बाद उनके बयान और बेटे अब्बास अंसारी, आतिफ रजा के बयानों को क्रॉस चेक करेगी।
23 दिसंबर की दोपहर 2 बजे तक रहेगा ईडी की कस्टडी में
मुख्तार अंसारी को 23 दिसंबर की दोपहर दो बजे तक के लिए ईडी को सौंपा गया है। इस दौरान ईडी अघोषित संपत्तियों के बारे में मुख्तार से पूछताछ करेगी। कस्टडी के दौरान गार्ड की भी नियुक्ति की गई है। मुख्तार के साथ इस दौरान दो वकील भी रह सकते हैं। रिमांड का विरोध करते हुए मुख्तार के वकीलों ने कहा कि वह पहले से बांदा जेल में बंद हैं। उनसे आराम से वहां पूछताछ की जा सकती है। इस मामले में कोई रिकवरी भी नहीं होनी है।
10 दिन ईडी की गिरफ्त में मुख्तार अंसारी
