तीन दमकलकर्मी झुसले, 14 लोगों को बचाया गया
मुंबई : मुंबई उपनगर में अंधेरी वेस्ट के ओशिवाड़ा स्थित हीरा-पन्ना शॉपिंग मॉल में शुक्रवार को भीषण आग लग गयी, जिसके कारण तीन दमकलकर्मी झुलस गए। दमकलकर्मियों ने कम से कम 14 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया। मुंबई दमकल विभाग ने आग पर काबू पाने के लिए एक उच्च दबाव वाली प्राथमिक सहायता लाइन और पांच छोटी होज लाइंस का उपयोग किया।छत और अन्य स्थानों पर फंसे कम से कम 14 लोगों को सीढ़ियों के माध्यम से बाहर निकाला गया।
इस दौरान आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे गोरेगांव दमकल विभाग के तीन दमकलकर्मी झुलस गए। उन्हें एम्बुलेंस में ट्रॉमा केयर सेंटर अस्पताल ले जाया गया। जख्मी हुए दमकलकर्मियों की पहचान संदीप एम. पाटिल, राजू यू. शिंगनकर और योगेश कोंडावर के तौर पर हुयी है। फिलहाल तीनों की हालत स्थिर बताई जा रही है। आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका है। इस सिलसिले में जांच जारी है।
