गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

मुंबई के दो प्रमुख पुलों का नाम बदले

मुंबई : महाराष्ट्र सरकार ने बुधवार को मुंबई के दो बड़े पुलों के नाम में बदलाव किया है। राज्य सरकार ने वर्सोवा बांद्रा सी लिंक का नाम बदलकर वीर सावरकर सेतु कर दिया है जबकि मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक रोड का नाम बदलकर अटल बिहारी वाजपेयी स्मृति न्हावा शेवा अटल सेतु कर दिया है। दोनों पुलों के नाम बदलने का निर्णय बुधवार को राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में लिया गया। बैठक में कई अन्य महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए गए हैं।

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने 28 मई को वीर सावरकर जयंती पर मीडिया से कहा था कि वे बांद्रा-वर्सोवा सी लिंक का नाम बदलकर वीडी सावरकर के नाम पर रखेंगे और इसका नाम वीर सावरकर सेतु होगा। राज्य मंत्रिमंडल ने मुंबई मेट्रो-3 मार्ग के लिए धारावी में एक भूखंड का अधिग्रहण करने का भी निर्णय लिया है और बीडीडी चॉल पुनर्विकास परियोजना के अंतर्गत शामिल झोपड़ियों और स्टाल मालिकों के पात्रता मानदंड को अंतिम रूप प्रदान किया।

इसके अलावा, मंत्रिमंडल ने सर जेजे कॉलेज ऑफ आर्ट्स एंड आर्किटेक्चर को डीम्ड विश्वविद्यालय का दर्जा प्रदान करने के लिए अपनी मंजूरी दी है। इसके अलावा अन्य महत्वपूर्ण निर्णयों में पूरे राज्य में 700 स्थानों पर हिंदू हृदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे आपाला दवाखाना के नाम से सस्ती डिस्पेंसरियों की शुरुआत करने के लिए 210 करोड़ रुपये व्यय करने की अनुमति प्रदान की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *