उज्जैन : मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले के नरवर थाना क्षेत्र के पिपलोदा गांव में अज्ञात लोगों ने एक बुजुर्ग दंपत्ति की धारदार हथियार से हत्या कर दी है। पुलिस सूत्रों ने आज बताया कि जिले के देवास रोड पर स्थित पिपलोदा गांव के निवासी पूर्व सरपंच रामनिवास कुमावत (70) और मुन्नी कुमावत (65) कल रात अपने घर में सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात लोगों ने घर में घुसकर धारदार हथियार से उनकी हत्या कर दी। उनके परिजन जब आज सुबह घर पहुंचे तो उनका और उनकी पत्नी का शव मिला। इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। रामनिवास देवास स्थित गल्लामंड़ी में व्यवसाय करते थे। पुलिस की प्रारंभिक जांच में लूट करने के लिए घर में घुसने और हत्या करने का मामला सामने आया है।
