पीलीभीत : उत्तर प्रदेश में पीलीभीत के जहानाबाद क्षेत्र में दहेज के लिये एक विवाहिता की हत्या का मामला प्रकाश में आया है। मृतक के भाई की तहरीर पर पति समेत पांच के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि ग्राम आसपुर निवासी नरेश ने दी गई तहरीर में बताया कि उसकी बहन उषा देवी (25) की शादी करीब डेढ़ साल पहले सुस्वार गांव निवासी मुकेश कुमार से हुई थी। ससुराल वाले दहेज से संतुष्ट न होकर दो लाख रुपये की मांग कर रहे थे।
धनराशि न मिलने पर ससुराल वाले उसकी बहन को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। आरोप है कि सात अप्रैल को ससुराल वालों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर आक्रोशित होकर पहले विवाहिता की पिटाई की। रविवार सुबह करीब पांच बजे सूचना मिली कि ससुराल वालों ने बेटी की हत्या कर दी है। मायके वाले ससुराल पहुंचे तो वहां पर शव जमीन पर पड़ा था और ससुराल वाले फरार थे।
घटना की सूचना पर सीओ सदर प्रतीक दहिया, जहानाबाद इंस्पेक्टर अशोक पाल पुलिस बल के साथ पहुंचे और जानकारी जुटाई। अशोक पाल, इंस्पेक्टर जहानाबाद ने मीडिया को बताया घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी। भाई की तहरीर पर पुलिस ने पति मुकेश कुमार, ससुर रामचरण लाल समेत पांच के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने आशंका जताई कि विवाहिता की गले मे फंदा लगाकर हत्या की गई है।
