कोटा : राजस्थान में कोटा के रामपुरा कोतवाली इलाके में बुधवार को दिनदहाड़े घर में घुसकर आधा दर्जन लोगों ने चाकू, सरिये से हमला कर युवक की हत्या कर दी और फरार हो गये।
पुलिस सूत्रों के अनुसार गोबरिया बावड़ी में गन्ने के रस की दुकान लगाने वाला युवक रवि राजपूत बुधवार दोपहर रामपुरा कोतवाली इलाके के जगदीश चेक स्थित घर लौटा था। जब वह खाना खा रहा था, तभी कोतवाली का आदतन अपराधी अनिल सावन अपने साथियों के साथ घर में घुसा और चाकू और सरियों से रवि राजपूत पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
इस बीच बीच-बचाव को आये रवि के माता-पिता को भी मारपीट कर चोटिल कर दिया और फरार हो गये। तीनों घायलों को कोटा के एम बी एस अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने रवि को मृत घोषित कर दिया जबकि दम्पति का इलाज चल रहा है। रामपुरा कोतवाली पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। रवि और अनिल सावन के बीच पुरानी अदावत बतायी जाती है।
कोटा में युवक की हत्या
