भिंड : मध्यप्रदेश के भिंड जिले के ऊमरी थाना क्षेत्र में एक युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले का पुलिस ने आज खुलासा करते हुए आरोपी दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपुसे ने आज पत्रकारों को बताया कि 21 मार्च की सुबह ऊमरी थाना क्षेत्र के करनाव पांडरी रोड जिंद की गड़िया में एक युवक का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। पुलिस ने मामले की बारीकी से पड़ताल की और अज्ञात आरोपी द्वारा कनपटी पर गोली मारकर हत्या किया जाना पाया। इस मामले में फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड टीम की मदद ली गयी।
एएसपी श्री खरपुसे ने बताया कि मृतक की पहचान पंकज भदौरिया निवासी जिंदगी गढ़िया हाल रतनूपुरा भिण्ड के रूप में हुई थी। पंकज 20 मार्च की शाम को भिंड से अपने चाचा पप्पू भदौरिया से मुलाकात करने के लिए कुछ लोगों के साथ गांव जा रहा था। रात में वह गांव नहीं पहुंचा। सुबह पुलिस को शव मिला। शिनाख्त पप्पू भदौरिया ने अपने भतीजे पंकज के रूप में की थी।
पुलिस जांच में पता चला कि कुछ समय पहले वरुण प्रताप सिंह से पंकज ने उधारी पर पैसे लिए थे। इसी बात को लेकर दोनों में विवाद भी हुआ था। विवाद के चलते वरुण प्रताप सिंह ने पंकज की हत्या करने का प्लान बनाया। पुरानी मामले के गिला शिकवा दूर करने की बात कहते हुए फिर नजदीकियां बनाई। पंकज को अपने साथ गांव ले जाने के बहाने चार पहिया वाहन से ले गया। रास्ते में आरोपी ने कट्टे से गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
हत्या का खुलासा: आरोपी दोस्त गिरफ्तार
