गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

मुर्मु चार दिवसीय दौरे पर ओडिशा पहुंचीं

भुवनेश्वर : द्रौपदी मुर्मु बुधवार को चार दिवसीय दौरे के लिए रांची से भारतीय वायु सेना की विशेष उड़ान से ओडिशा के मयूरभंज पहुंचीं। राष्ट्रपति मुर्मु के स्वागत के लिए यहां सुकरिली के पंडरशिला फुटबॉल मैदान में बने अस्थायी हेलीपैड पर राज्यपाल रघुवर दास, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक और मयूरभंज कलेक्टर समेत अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
राष्ट्रपति का पदभार संभालने के बाद श्रीमती मुर्मु का यह अपने गृह जिले का तीसरा दौरा है। राष्ट्रपति का यहां पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। उनकी एक झलक पाने के लिए हेलीपैड पर स्कूली बच्चों सहित हजारों लोग मौजूद रहे।
मुर्मु चार दिवसीय यात्रा के दौरान राज्य के मयूरभंज, क्योंझर, गंजम, कटक, खोरधा, भुवनेश्वर और संबलपुर में कई कार्यक्रमों में शामिल होंगी। राष्ट्रपति यहां पहुंचने के तुरंत बाद मां कीचकेश्वरी मंदिर के लिए रवाना हुईं और वहां पूजा-अर्चना की।
इसके बाद राष्ट्रपति का रायरंगपुर में केंद्र सरकार के हॉलिडे होम, रायरंगपुर में विभिन्न सड़क परियोजनाओं और एक खेल परिसर की आधारशिला रखने और बरसही में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय का उद्घाटन करने का कार्यक्रम है। मुर्मु गुरुवार क्योंझर में कई कार्यक्रमों में शामिल होंगी और शाम को यहां उत्कल विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह को संबोधित करेंगी।
इसके बाद एक मार्च को राष्ट्रपति का बेरहमपुर विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होने का कार्यक्रम है, वह कटक में ब्रह्माकुमारी के स्वर्ण जयंती समारोह में भाग लेंगी और इसके बाद राजभवन में ओडिशा सरकार की पीएम जनमन की प्रस्तुति देखेंगी। मुर्मु दो मार्च को संबलपुर में संथा कबी भीमा भोई से जुड़े विभिन्न स्थानों का दौरा करेंगी और उनका महिमा पंथ के अनुयायियों से मिलने का भी कार्यक्रम है। राष्ट्रपति के ओडिशा दौरे के मद्देनजर अधिकारियों ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। सुरक्षा के लिए सुरक्षाकर्मियों की 23 प्लाटून और 50 अधिकारियों को तैनात किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *