गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

देश में सबसे गर्म रहा नजफगढ़, तापमान 47.8 रिकॉर्ड

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली का नजफगढ़ क्षेत्र रविवार को देश में सबसे ज्यादा गर्म रहा। रविवार को यहां पर अधिकतम तापमान 47.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो कि देश भर में सबसे ज्यादा है। दिल्ली का मुंगेशपुर और उत्तर प्रदेश का आगरा ताज मौसम केन्द्र दूसरे स्थान पर रहे हैं। दिल्ली के लोगों को इन दिनों साल के सबसे ज्यादा झुलसाने वाली गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। खासतौर पर दिल्ली की हरियाणा से लगती हुई सीमा वाले इलाकों में सबसे ज्यादा गर्मी लोगों को झेलनी पड़ रही है।
नजफगढ़ में अधिकतम तापमान 47.8 डिग्री रिकॉर्ड
रविवार को नजफगढ़ का अधिकतम तापमान 47.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो रविवार के दिन देश का सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान है। यह तापमान सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस ज्यादा है।
नंबर दो पर आगरा, 47.7 डिग्री तापमान
इसके बाद आगरा ताज मौसम केन्द्र का नंबर है। यहां पर अधिकतम तापमान 47.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। दिल्ली के मुंगेशपुर केन्द्र में भी अधिकतम तापमान 47.7 डिग्री सेल्सियस रहा। यानी दूसरे स्थान पर यह दोनों ही मौसम केन्द्र मौजूद रहे हैं। जबकि, मध्य प्रदेश का दतिया इलाका तीसरे स्थान पर रहा है। यहां का अधिकतम तापमान 47.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
थार की हवाओं के चलते नहीं मिलेगी राहत
मौसम निगरानी संस्था स्काईमेट के विज्ञानी महेश पालावत बताते हैं कि दिल्ली में इन दिनों थार मरुस्थल की ओर से हवा आ रही है। यह हवा अपने साथ रेगिस्तान की गर्मी ला रही है। अगले दो-तीन दिनों के बीच भी स्थिति लगभग ऐसी ही रहने की संभावना है। इसलिए दिल्ली के लोगों को अभी झुलसाने वाली गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। वहीं, मौसम विभाग ने लोगों के लिए जारी रेड अलर्ट में गर्मी से बचने और शरीर में पानी कमी होने से बचने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *