गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

नारेडको का दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन दो फरवरी से

नई दिल्ली : नेशनल रियल एस्टेट डिवेलपमेंट काउंसिल (नारेडको) का दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन में 2 फरवरी से राजधानी में आयोजित किया जायेगा। नारेडको के राष्ट्रीय अध्यक्ष जी हरिबाबू ने आज यहां संवाददाता सम्मेलन में यह घोषणा करते हुये कहा कि दो और 3 फरवरी को 16वें राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है जिसकी थीम “रियल एस्टेट की बदलती तस्वीर” है। यह सम्मेलन प्रमुख हितधारकों को एक प्लेटफॉर्म पर लाएगा। इनमें सरकारी अधिकारी, इंडस्ट्री के दिग्गज और निवेशक शामिल होंगे। राष्ट्रीय सम्मेलन में इन हितधारकों को भारतीय रियल एस्टेट सेक्टर के विकास और बदलाव की गतिशालता को समझने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रीय सम्मेलन दूसरी बातों के अलावा रियल एस्टेट सेक्टर के विभिन्न पहलुओं के लिए एक प्लेटफॉर्म का भी काम करेगा। नारेडको के 16वें सम्मेलन में पूरा ध्यान इस सेक्टर में नए जमाने के ट्रेंड और टेक्नोलॉजी अपनाने पर होगा। कन्वेंशन में सरकारी सहायता, अफोर्डेबल हाउसिंग, रेरा के प्रभाव, फाइनेंस के विकल्पों, तकनीक के एकीकरण और निवेश की संभावनाओं पर गहरी, सार्थक और गंभीर चर्चाएं की जाएंगी। इसके साथ ही 2047 तक भारत के लक्ष्यों पर समर्पित सेशन आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि “भारत में शहरीकरण की पूरी क्षमता को सामने लाने के लिए सहभागिता और आपसी साझेदारी महत्वपूर्ण कारक है। हम एक साथ मिलकर स्थायी, रहने योग्य और सभी वर्गों को जगह देने वाले शहरों का निर्माण कर सकते हैं, जिससे कारोबारियों का व्यापार खूब फले-फूले। सामाजिक समानता को बढ़ावा मिले और सभी नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार आए। हमें रियल एस्टेट सेक्टर में सरकारी और प्राइवेट हितधारकों में साझेदारी होने की उम्मीद है। इससे स्थिरता और रियल स्टेट इंडस्ट्री के फलने-फूलने की राह प्रशस्त होगी, जिससे विस्तृत अर्थव्यवस्था पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। आइए, भारत के उज्जवल और सुनहरे भविष्य के निर्माण के लिए हाथ मिलाएं।”
संगठन के उपाध्यक्ष राजन बंदेलकर ने कहा, “रियल एस्टेट सेक्टर की अर्थव्यवस्था के महत्वपूर्ण कारक के रूप में पहचान की गई है। इस सेक्टर को कई क्षेत्रों पर तेजी से तरह-तरह के प्रभाव डालने, रोजगार सृजन करने और सहायक इंडस्ट्रीज के साथ बेहतर संबंधों के लिए जाना जाता है। यह सम्मेलन नेटवर्क बनाने, सीखने और मिलजुलकर प्रयास करने का मंच बनेगा। नेटवर्किंग और आपसी साझेदारी भविष्य में भारत में शहरीकरण की पूरी क्षमता को उजागर करने के लिए बेहद जरूरी फैक्टर होंगे। सम्मेलन में न सिर्फ रियल एस्टेट सेक्टर के भविष्य को बेहतर बनाने के लिए तरह-तरह के बेशकीमती नजरिए उभरकर सामने आएंगे, बल्कि यह विशेषज्ञों के लिए अपने विचारों का आदान-प्रदान करने और रणनीतिक विकास को बढ़ावा देने के लिए फोरम के रूप में काम करेगा।”
इसके अलावा नारेडको अफोर्डेबल हाउसिंग को बढ़ावा देने में सरकार की सक्रिय भूमिका की पैरवी करेगा और सरकार से होम लोन की ब्याज दरों में छूट देने का अनुरोध करेगी। इसके अलावा किफायती आवास परियोजनाओं के लिए सीमेंट और स्टील जैसे कंस्ट्रक्शन मटीरियल के दामों में छूट प्रदान करने की मांग की जाएगी। इन कदमों से आज के दौर मे बेहद जरूरी अफोर्डेबल हाउसिंग सेग्मेंट के विकास को बढ़ावा मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *