भुवनेश्वर : एशियाई खेल में हॉकी में स्वर्ण पदक विजेता भारतीय टीम के सदस्य अमित रोहिदास को ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने डेढ़ करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने ओडिशा के सुंदरगढ़ के निवासी डिफेंडर-ड्रैगफ्लिकर अमित रोहिदास को बधाई देते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की और उन्हें न केवल ओडिशा बल्कि पूरे देश के युवाओं के लिए प्रेरणाश्रोत बताया।
उन्होने कहा “ अमित रोहिदास की उल्लेखनीय उपलब्धि दृढ़ता और उत्कृष्टता की भावना का उदाहरण हैं। वह हमारे राज्य और उससे बाहर के महत्वाकांक्षी एथलीटों के लिए आशा और गर्व का प्रतीक बन गए हैं। उनकी सफलता की कहानी महानता हासिल करने के प्रयास कर रहे हर व्यक्ति के साथ मेल खाती है। उनकी उपलब्धियों पर हमे बेहद गर्व है।”
अमित रोहिदास ने टोक्यो ओलंपिक 2020 में कांस्य पदक अर्जित किया था। अमित ने राउरकेला के पानपोश स्पोर्ट्स हॉस्टल में अपने असाधारण कौशल को निखारा। मौजूदा एशियाई खेल में कोरिया के खिलाफ सेमीफाइनल में उनके निर्णायक गोल ने भारतीय टीम को फाइनल और स्वर्ण पदक की ओर प्रेरित किया।
