गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

नक्सल कमांडर नागेश मुठभेड़ में मारा गया

कांकेर : छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के धुर नक्सल प्रभावित छोटे बेठिया थाना क्षेत्र के हिदुर के जंगल में कल पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में मारे गए नक्सली की पहचान हो गयी है। मारा गया नक्सली परतापुर एरिया कमेटी का कमांडर नागेश है, जिसके ऊपर छत्तीसगढ़ पुलिस ने 10 लाख का इनाम घोषित कर रखा था।
पुलिस अधीक्षक आईके एलेसेसा ने बताया कि नागेश कई बड़ी घटनाओं में शामिल रहा है और कई जवानों की हत्या में मास्टर माइंड रहा है। नागेश का मारा जाना नक्सल संगठन के लिए बहुत बड़ा झटका है। वहीं, कांकेर पुलिस के लिए नक्सल मोर्चे पर बहुत बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि इस मुठभेड़ में बस्तर बटालियन के जवान रमेश कुमेटी भी शहीद हो गए हैं, जिनका अंतिम संस्कार कल उनके गृहग्राम संगम में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।
उन्होने बताया कि नक्सलियों के बड़े लीडर्स का जमावड़ा हिदूर के जंगलों में है, जिसके बाद एक बड़ा ऑपरेशन लांच किया गया था। कल सुबह जवानों की नक्सलियों से मुठभेड़ हुई, जो कि लगभग 2 घंटे तक चली। इस मुठभेड़ में पुलिस ने अपना एक बहादुर जवान खो दिया, तो वही एक कुख्यात नक्सली को मार गिराने में सफलता मिली है, जिसके पास से पुलिस से लूटा गया एके 47 हथियार भी बरामद हुआ है।
श्री एलेसेसा ने बताया कि मारा गया नक्सली नागेश है जिसके ऊपर 10 लाख का इनाम था। पुलिस पार्टी अभी भी जंगलों में सर्च ऑपरेशन चला रही है। एसपी ने दावा किया कि मुठभेड़ में 3 नक्सली मारे गए है, जिसमे दो की डेड बॉडी नक्सली अपने साथ ले जाने में सफल रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *