बालाघाट : मध्यप्रदेश के नक्सली प्रभावित बालाघाट जिले के जंगली इलाके में आज पुलिस के साथ मुठभेड़ में एक नक्सली मारा गया। नक्सली पर लगभग 14 लाख रुपए का इनाम घोषित था। पुलिस सूत्रों के अनुसार महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ की सीमा लगे बालाघाट जिले में पुलिस का हॉक फोर्स कुंदल और कोद्दापार के जंगल में सर्चिंग अभियान पर था। इसी दौरान हॉक फोर्स के जवानों और नक्सलियों का आमना सामना हो गया। दोनों ओर से गोलीबारी हुयी, जिसमें एक नक्सली ढेर हो गया। सूत्रों ने कहा कि नक्सली की पहचान कमलू के रूप में हुयी है और वह छत्तीसगढ़ के बस्तर अंचल में भी सक्रिय रहा है।
रूपझर थाना क्षेत्र के जंगल में हुयी मुठभेड़ के बाद इलाके में पुलिस के संयुक्त दल ने सर्चिंग अभियान और तेज किया है।आशंका है कि मुठभेड़ के दौरान कुछ नक्सली घायल भी हुए होंगे। मध्यप्रदेश का बालाघाट जिला नक्सली प्रभावित है और इस वर्ष अप्रैल माह में भी पुलिस ने मुठभेड़ में दो नक्सलियों को मार गिराया था। बालाघाट जिले से नक्सलियों का महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ की सीमा में आना जाना बहुत ज्यादा कठिन कार्य नहीं है, इसलिए इस जिले में नक्सली अक्सर पनाह लेते हैं।
