दुमका : झारखंड में दुमका जिले के उग्रवाद प्रभावित काठीकुंड थाना क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य में लगी कंपनी के ठेकेदार से नक्सली के नाम पर कथित रूप से 5.70 करोड़ रुपये लेवी की मांग किये जाने का मामला प्रकाश में आया है।
पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को यहां बताया कि भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) बिहार-झारखंड सीमांत जोनल कमेटी के लेटर पैड पर कथित रूप से धमकी भरा यह पत्र 26 दिसंबर को कंपनी के संवेदक अशोक चौधरी को भेजा गया। संवेदक ने इसकी सूचना पुलिस को दी है। माओवादी कमेटी ने पत्र में सड़क निर्माण की कार्य प्रणाली पर इस बात पर नाराजगी जतायी है कि बिना सहमति लिए सड़क निर्माण कैसे शुरू कर दिया गया। संगठन ने 30 दिसंबर तक 10 प्रतिशत लेवी की दर से पांच करोड़ 70 लाख रुपये गोपीकांदर में एक निश्चित स्थान पर पहुंचाने का फरमान जारी करने के साथ लेवी की राशि भुगतान नहीं करने पर परिणाम भुगतने की धमकी दी है।
संथाल परगना प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक सुदर्शन प्रसाद मंडल ने बताया कि इस मामले की सत्यता की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस इलाके में अभी नक्सली गतिविधि नहीं है और न ही कोई नक्सली दस्ता सक्रिय है। उन्होंने बताया कि जिसने भी लेवी मांग की है, उसे बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
नक्सलियों ने सड़क निर्माण कंपनी से की 5.70 करोड़ लेवी की मांग
