करनपुर/बस्तर : विष्णुदेव साय ने आज कहा कि बस्तर क्षेत्र में विकास देख कर नक्सली बौखला गए हैं और नक्सलियों के खिलाफ लड़ाई तेज और जारी रहेगी। साय यहां कोबरा बटालियन के हेडक्वाटर में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देने के बाद संवाददाताओं से चर्चा कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने साफ कहा कि नक्सलियों से लड़ाई जारी रहेगी। इलाके में हो रहे विकास कार्यों से नक्सली बौखला गये हैं, यही कारण है कि लगातार हमलावर हो रहे हैं। सरकार नक्सलियों के कोर एरिया को खत्म करने में लगातार प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि नक्सलियों की बौखलाहट इससे भी साफ नजर आती है कि सरकार उन इलाकों में कैंप खोल रही है जहां अब तक पहुंच नहीं थी। सरकार लोगों को सुविधा देना चाहती है, विकास कार्यों से जोड़ना चाहती है। बस्तर के हर एक इलाके के लोगों को राशन, स्वास्थ्य, शिक्षा की सुविधा मिल सके, इस दिशा में सरकार काम कर रही है, परंतु नक्सली उन इलाकों तक विकास नहीं करना देना चाहते, यही वजह है कि लगातार जवानों पर हमला कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार सुरक्षा कैंप स्थापित करके ऐसे क्षेत्रों में सरकार की योजनाएं पहुंचाने का काम कर रही है। नक्सलियों को यह अच्छा नहीं लगता, इसलिए इसका विरोध करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जवानों को सारी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि नक्सलवाद का खत्मा हो सके।
मोबाइल कनेक्टिविटी के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार उन इलाकों में मोबाइल कनेक्टिविटी लाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में जब से भाजपा सरकार बनी है नक्सलियों में बौखलाहट साफ देखी जा रही है।
विकास देख नक्सली बौखलाए : साय
