गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

अफगानिस्तान में बाढ़ से करीब 40 हजार बच्चे बेघर

काबुल : उत्तरी अफगानिस्तान के बगलान प्रांत और अन्य क्षेत्रों में शुक्रवार को आयी मूसलाधार बारिश के बाद बाढ आने से करीब 40 हजार बच्चे बेघर हो गये। ग्लोबल चैरिटी सेव द चिल्ड्रन ने सोमवार को यह जानकारी दी। अफगानिस्तान में चैरिटी के कंट्री डायरेक्टर अरशद मलिक ने कहा, “बच्चे सहमे हुये हैं, कई ने अपना सब कुछ खो दिया है। न केवल उनका घर और स्कूल परिसर क्षतिग्रस्त हुआ, बल्कि वो भी जगह नष्ट हो गयी जहां वे खेलते थे। उन्होंने अपने आसपास उन सभी को भी खो दिया है, जिनसे वे परिचित थे। अब उनकी दिनचर्या पहले जैसी नहीं रही।”
विश्व खाद्य कार्यक्रम के अफगानिस्तान कार्यालय और स्थानीय अफगान अधिकारियों के अनुसार बाढ़ के कहर से बगलान, तखर, बदख्शां और घोर सहित अन्य प्रांतों के 330 से अधिक लोग मारे गये। वैश्विक संगठनों और अफगान के अधिकारियों ने बाढ़ से पनपने वाली बीमारी से बच्चों के संक्रमित होने की चेतावनी दी और साथ ही कहा कि इस आपदा से मृतकों की संख्या भी बढ़ सकती है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कल कहा है कि बाढ़ से पनपने वाली बीमारियों से बचाव के लिये बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आठ आपातकालीन प्रतिक्रिया टीमें भेजी गयी हैं। गौरतलब है कि अफगानिस्तान के बघलान, तखर, बदख्शां और घोर प्रांतों के प्रमुख हिस्सों में शुक्रवार को भारी बारिश होने से अचानक आयी बाढ़ ने तबाही मचाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *