गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

डीडीसी के दो सीटों पर चुनाव में करीब 43 फीसदी मतदान

श्रीनगर : कश्मीर में जिला विकास परिषद (डीडीसी) की दो सीटों पर सोमवार को हुए पुनर्मतदान में करीब 43 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। डीडीसी की दो सीटों के लिए पुनर्मतदान बांदीपोरा और कुपवाड़ा जिले के क्रमशः हाजिन-ए और द्रगमुल्ला निर्वाचन क्षेत्रों में हुआ था। दोनों सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि इन दोनों सीटों पर मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि हाजिन-ए में 53.33 मतदाता प्रतिशत दर्ज किया गया जबकि द्रगमुल्ला निर्वाचन क्षेत्र में 32.73 प्रतिशत दर्ज किया गया।
डीडीसी द्रुगमुल्ला के लिए 42 मतदान केंद्र स्थापित किए गए थे और कुल 16026 मतदाताओं में से 10724 ने वोट डाले। कुल 5624 पुरुषों और 5100 महिलाओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जीएमएस जगती, जीजीएचएस पट्टा बोहरी और जीएमएस मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल उधमपुर में स्थापित कश्मीरी प्रवासियों के लिए विशेष मतदान केंद्रों पर 141 प्रवासी वोट डाले गए।
इसी तरह हाजिन-ए में 57 मतदान केंद्रों पर 53.33 फीसदी मतदान हुआ। कुल 16313 में से 8669 मतदाताओं ने वोट डाला। कुल 8565 में से 4717 पुरुषों और 7748 में से 3982 महिलाओं ने वोट डाले। मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और दोपहर दो बजे संपन्न हुआ। प्रवक्ता ने कहा,“मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ जिसमें सभी आयु वर्ग के लोगों ने भाग लिया।”
दोनों सीटों पर आठ दिसंबर को मतगणना होगी।
इन दो सीटों पर डीडीसी चुनाव दिसंबर 2020 में हुए थे। राज्य चुनाव आयुक्त की ओर से चुनाव लड़ने वाली दो महिला उम्मीदवारों के खिलाफ शिकायत मिलने के बाद हाजिन-ए और द्रगमुल्ला सीटों पर वोटों की गिनती रोक दी गई थी। दोनों पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) की निवासी थीं जिन्होंने दो पूर्व आतंकवादियों से शादी की थी। वे 2010 में आत्मसमर्पण करने वाले आतंकवादियों के लिए सरकार की पुनर्वास नीति के तहत पीओके से कश्मीर लौटे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *