गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

खाद का फ्रेट रेट कम करने की जरूरत

रांची : झारखंड के कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री बादल ने केंद्रीय रासायनिक एवं उर्वरक मंत्री डॉ मनसुख मंडाविया के साथ हुई वीडियो कांफ्रेंसिंग में झारखंड के किसानों की बात रखते हुए कहा कि राज्य में सभी किसानों को उचित कीमत और समय पर खाद उपलब्ध हो सके, उसके लिए साहेबगंज, लोहरदगा और जमशेदपुर अथवा चाईबासा में रैक प्वाइंट का निर्माण अति आवश्यक है।
श्री बादल ने आज नेपाल हाउस स्थित कांफ्रेंस हाल में केंद्रीय मंत्री से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बात करते हुए कहा कि रैक प्वाइंट निर्माण की बात उन्होंने पिछले वर्ष भी रखी थी, लेकिन अभी तक इस विषय पर कोई कार्यवाही नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य एक सेमी हिल एरिया है। जिस वजह से फर्टिलाइजर का फ्रेट रेट काफी ज्यादा बढ़ जाता है और इसका सीधा बोझ यहां के किसानों पर पड़ता है।
श्री बादल ने केंद्रीय मंत्री से अपील की कि फ्रेट रेट में संशोधन कर झारखंड जैसे सेमी हिल एरिया को राहत दी जाए। वर्तमान में जो फ्रेट रेट है, वह काफी कम है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष भी राज्य के कई जिले सुखाड़ की चपेट में हैं। अब तक मात्र 38 प्रतिशत ही भूमि पर आच्छादन हुआ है, जबकि औसत से करीब 53 फीसद बारिश कम हुई है।
नैनो यूरिया और ऑर्गेनिक फार्मिंग के संबंध में उन्होंने केंद्रीय मंत्री को बताया कि झारखंड राज्य पूर्व से ही ऑर्गेनिक फार्मिंग की ओर कदम बढ़ा चुका है। साथ ही नैनो यूरिया का एक नया प्लांट झारखंड में लगाया गया है। श्री बादल ने कहा कि सल्फर कोटेड यूरिया अगर केंद्र सरकार उपलब्ध कराती है, तो किसानों के बीच उसे लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *