जालंधर : कुलदीप सिंह धालीवाल ने बुधवार को कहा कि राज्य सरकार मार्च के अंत तक एक नयी कृषि नीति ला रही है, जो किसानों और अन्य भागीदारों के लिए बेहद फायदेमंद होगी।
धालीवाल ने जिले की विभिन्न मंडियों में 11.47 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास करते कहा कि किसानों की सुविधा के लिए पंजाब सरकार जल्द ही फसलों के लिए नहर के पानी का उपयोग लागू किया जा रहा है और हर क्षेत्र में फसलों के लिए नहर के पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। कृषि मंत्री ने मुख्य फसलों की खेती के अलावा सब्जी उत्पादन और अन्य सहायक व्यवसायों को अपनाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि किसानों की फसलों के उचित विपणन के लिए बाजारों में बड़े पैमाने पर सुधार किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की सभी मंडियों को समय से सम्मानित बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी।
स्थानीय नयी सब्जी मंडी मकसूदां में 2.29 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों का शिलान्यास करने के बाद श्री धालीवाल ने मीडिया से बात कहा कि वर्ष 2022-23 के लिए मंडियों के विकास के लिए 100 करोड़ रुपये रखे गए हैं, जिनमें से लगभग 18 करोड़ रुपये जालंधर जिले की मंडियों के जीर्णोद्धार पर खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी की सरकार किसानों और अन्य भागीदारों की सुविधाओं को देखते हुए राज्य की मंडियों में आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित कर रही है।
श्री धालीवाल ने कहा कि मंडियों के मुख्य कार्यों में आंतरिक एवं संपर्क सड़कों, चारदीवारी की मरम्मत शामिल है, ब्रिक फ्लोर पर सीसी फ्लोरिंग, स्टील कवर शेड का निर्माण, नये फ्लोर एवं जन सुविधाएं आदि का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दोआबा क्षेत्र में आज के पहले चरण के बाद जल्द ही दूसरा चरण भी शुरू किया जाएगा ताकि इस क्षेत्र की सभी मंडियों को आधुनिक मंडियों के रूप में विकसित किया जा सके। लिंक सड़कों की मरम्मत के संबंध में कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि जिले के नकोदर, शाहकोट, फिल्लौर विधानसभा क्षेत्र में 10.61 करोड़ रुपये की लागत से इन सड़कों का मरम्मत कार्य शुरू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क उन्नयन कार्यक्रम के तहत इन सड़कों की चौड़ाई 10 से बढ़ाकर 18 फुट की जा रही है ताकि बढ़ते यातायात को देखते हुए लोगों को सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग जालंधर जिले की विभिन्न संपर्क सड़कों की मरम्मत के लिए 9.92 करोड़ रुपये की लागत से 66.75 किलोमीटर लंबी सड़कों की पूरी मरम्मत कर रहा है।
मार्च के अंत तक आ जाएगी नयी कृषि नीति
