गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

नौसेना में पदोन्नति बोर्डों के लिए नयी मूल्यांकन प्रणाली

नई दिल्ली : नौसेना को चुस्त, दुरूस्त और अधिक पेशेवर बनाने तथा नौसैनिकों के मनोबल को बढाने के उद्देश्य से विभिन्न पदोन्नति बोर्डों के लिए नयी मूल्यांकन प्रणाली की शुरूआत की जा रही है। रक्षा मंत्रालय की ओर से शनिवार को जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि नौसेना ने विभिन्न पदोन्नति बोर्डों के लिए ‘360 डिग्री मूल्यांकन प्रणाली’ की नई पहल को संस्थागत रूप दिया है। इस प्रणाली में पदोन्नति के लिए विचार किए जाने वाले प्रत्येक अधिकारी के बारे में सर्वेक्षण के आधार पर व्यापक जानकारी एकत्र की जायेगी।

यह जानकारी सहयोगियों और अधीनस्थों के साथ साथ अन्य स्रोतों से भी हासिल की जायेगी। इसमें अधिकारी के पेशेवर ज्ञान, नेतृत्व की विशेषताएं, युद्ध या संकट में उपयुक्तता और उच्च पद धारण करने की क्षमता जैसे पहलू शामिल होते हैं। इस जानकारी का फ्लैग ऑफिसर की अध्यक्षता में नामित अधिकारियों के बोर्ड द्वारा स्वतंत्र विश्लेषण किया जाता है।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि इस तरह की मूल्यांकन प्रणाली विभिन्न राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय शिक्षण संगठनों में प्रचलित है और नौसेना इस तरह की ‘सर्वोत्तम प्रथाओं’ को अपनाने में गौरव महसूस करती है। यह पहल युद्ध के लिए तैयार, विश्वसनीय, एकजुट और भविष्‍य के लिए अभेद्य बल बने रहने की दिशा में किये जाने वाले प्रयासों का हिस्सा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *