गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

इम्फाल पश्चिम में नया फुटबॉल स्टेडियम बनेगा

इंफाल : एन. बीरेन ने शनिवार को कहा कि इम्फाल पश्चिम में रेलवे के साथ मिलकर 75,000 लोगों की क्षमता वाला फुटबॉल स्टेडियम बनाया जायेगा और इसके लिए जमीन की पहचान कर ली गयी है। बीरेन यहां खुमान लंपक खेल परिसर में आयोजित सनरोशिंगी नुमित (खिलाड़ी दिवस) 2023 के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनता की सरकार के रूप में खेल क्षेत्र पर अत्यधिक जोर दे रही है। उन्होंने जोर दिया कि राज्य नशे के खतरे से विभिन्न चुनौतियों का सामना कर रहा है, जो युवाओं और समाज के लिए बहुत बड़ी हानि है। ऐसे में युवाओं को बचाने के लिए खेल बहुत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि राज्य के अनुभवी खिलाड़ियों के समर्पण और उपलब्धियों को मान्यता देने के लिए राज्य में सनारोशिंगी नुमित (खिलाड़ी दिवस) मनाया जाता है। राज्य सरकार राज्य में खेल क्षेत्र के विकास के लिए विभिन्न पहल कर रही है। राज्य में मैरी कॉम बॉक्सिंग अकादमी तथा लैशराम सरिता के लिए एक और अकादमी भी खोली गई है। राज्य सरकार अकादमी के लिए छात्रावास बनाने की प्रक्रिया में है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारोत्तोलक सैखोम मीराबाई चानू के लिए एक प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना के लिए भी बजट आवंटित किया गया है। राज्य के कई फुटबॉल खिलाड़ी देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। सरकार ने राज्य में एक फुटबॉल अकादमी स्थापित करने के लिए अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ के साथ चर्चा की है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का प्रतिनिधित्व करने वाले 60 वर्ष और उससे अधिक उम्र के बेरोजगार खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के लिए पेंशन योजना शुरू की गई है। उन्होंने युवा खिलाड़ियों को जीवन में सफलता हासिल करने के लिए शिक्षा और खेल दोनों को साथ लेकर चलने की सलाह भी दी। उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं में अधिक से अधिक पदक प्राप्त करने के लिए राज्य के युवा खेल खिलाड़ियों को तैयार करने के लिए उचित योजना और व्यवस्थित तरीके की आवश्यकता पर भी बल दिया।
इस मौके पर प्रदेश के चार वरिष्ठ खिलाड़ियों एल. नबकुमार, लैशराम रामकुमार,एन रामजूय सिंह (फुटबॉल) और एच. जमुना देवी (एथलेटिक्स) को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने मध्यप्रदेश में आयोजित खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2023 में स्वर्ण पदक विजेताओं को भी सम्मानित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *