गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

लैंड स्लाइड होने से एनएच-05 अवरुद्ध

शिमला : हिमाचल प्रदेश में बुधवार की रात हुई व्यापक बारिश के कारण भूस्खलन की घटनाएं होने लगी हैं। रास्ता अवरुद्ध होने के कारण जगह-जगह कई वाहन और यात्री फंसे हुए हैं। ठियोग के पास भूस्खलन होने से शिमला-रामपुर नेशनल हाईवे-5 पर गुरुवार सुबह दो घण्टे तक यातायात पूरी तरह से ठप है। ठियोग से महज 200 मीटर की दूरी पर अचानक ऊपरी पहाड़ी से भूस्खलन हुआ। ऐसे में सड़क का एक हिस्सा कट गया, जिस कारण लोगों को भी कई तरह की परेशानियों से दो चार होना पड़ रहा है। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं और राजधानी से ऊपरी शिमला का सम्पर्क कटा रहा। सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण यह हाइवे हिंदुस्तान-तिब्बत हाइवे के तौर पर जाना जाता है, जो जनजातीय जिला किन्नौर से होते हुए तिब्बत सीमा की ओर जाता है।
इस हाईवे के अवरुद्ध होने पर नेशनल हाईवे अथॉरिटी तुरंत हरकत में आई और मशीनरी लगाकर हाईवे को दो घण्टे बाद एक तरफ के लिए बहाल किया। भूस्खलन की वजह से लंबे रूट की रामपुर व रोहड़ू बस फंसने से यात्रियों को अपने-अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए इंतजार करना पड़ा। इसके अलावा कोटखाई, जुब्बल, चैपाल, नेरवा, किन्नौर और नारकंडा जाने वाले यात्रियों को भी परेशानी हुई। इससे स्कूली बच्चे, कामकाजी लोग व दफ्तर जाने वाले कर्मचारी समय पर नहीं पहुंच पाए।
गौरतलब है कि शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बीती रात तेज बारिश हुई। कई जगह अंधड़ चलने से पेड़ धराशायी हुए और बिजली गुल रही। मौसम में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से आया है। कांगड़ा में 54, ऊना में 46, नारकंडा में 43, सुंदरनगर में 42, जुब्बड़हट्टी में 40 और शिमला में 32 मिमी बारिश हुई है। मौसम विभाग ने अगले दो दिन राज्य के मैदानी व मध्यपर्वतीय इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। अगले 3 घंटों में बिलासपुर, कुल्लू, मंडी शिमला और सिरमौर सोलन आर आसपास के अन्य जिलों के इलाकों में गरज के साथ आंधी तेज हवा और ओलावृद्वि की संभावना है।
केलांग में 1.7 डिग्री रहा जबकि शिमला 9.5, सुदरनगर 15.1, भुंतर 14.5, कल्पा 7.4, धर्मशाला 14.2, उना 16.4, नाहन 14.3, सोलन 13.6, कांगडा 15.4, मडी 15.6, बिलासपुर 14.0, हमीरपुर 17.7, चंबा 15.3, डलहौजी 9.9, जुब्बड हट्टी 12.4, कुफरी 7.4 , कुमकुमसरी 2.2 और नारकंडा 5.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। प्रदेश का अधिकतम तापमान इस प्रकार रहा। शिमला 21.6, सुंदरनगर 27.9, भुंतर 27.2, कल्पा 15.6, धर्मशाला 24.5, उना 31.4, नाहन 27.1, केलांग 13.7, सोलन 26.5, कांगडा 27.1, मंडी 28.0, बिलासपुर 27.0, हमीरपुर 28.9, चंबा 25.7, डलहोजी 17.3, कुफरी 14.5, नारकंडा 14.1, रिकांगपिओ 21.9, सिओबाग 22.3 और मशोबरा में 23.9 डिग्री सेल्सियस रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *