कोहिमा : नागालैंड में मोन जिला जेल से नौ कैदी दीवार फांद कर फरार हो गये। आधिकारिक सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विशेष लॉकअप में 29 कैदी थे । इनमें से नौ कैदियों ने शनिवार तड़के वार्ड के लोहे के दरवाजे और हथकड़ी की जंजीर को तोड़ दिया और अपने कंबलों का इस्तेमाल कर जेल की दीवार पर चढ़ गये और वहां से भाग निकले। पुलिस ने लुकआउट नोटिस जारी किया है और सभी एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया है और फरार कैदियों की तलाश जारी है।
