खटीमा/नैनीताल : उत्तराखंड की खटीमा पुलिस ने नितिन रस्तोगी हत्याकांड का खुलासा कर हत्याकांड में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने शराब के नशे में हत्या को अंजाम दिया। ऊधमसिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टीएस मंजूनाथ ने रूद्रपुर में आज इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि विगत दो जनवरी को नितिन रस्तोगी की हत्या का मामला सामने आया था। मृतक के पिता राजेन्द्र रस्तोगी निवासी वार्ड नंबर -17 शिव कालोनी, खटीमा की ओर से इस मामले में एक तहरीर खटीमा पुलिस को सौंपी गयी।
तहरीर में कहा गया कि घटना के दिन उनके पड़ोस में रहने वाला चंद्रपाल नामक युवक उनके बेटे को घर से बुला कर ले गया लेकिन रात में उसने घर आकर बताया कि उनका लड़का घर के पीछे एक प्लाट में बेहोश पड़ा है। परिजन नितिन को तत्काल अस्पताल ले गये लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर इस प्रकरण की जांच वरिष्ठ उप निरीक्षक अशोक कुमार को सौंप दी। पुलिस जांच में चंद्रपाल के साथ ही संजय कुमार गुप्ता निवासी ग्राम बगोछा, थाना पिहानी, हरदोई, उप्र हाल निवासी वार्ड नंबर-17, शिव कालोनी, खटीमा का नाम सामने आया।
पुलिस को पता लगा कि तीनों लोगों ने रात में एक साथ बैठ कर शराब पी और इस दौरान किसी बात को लेकर दोनों का नितिन से झगड़ा हो गया। आरोप है कि चंद्रपाल व संजय कुमार गुप्ता दोनों ने मिल कर मृतक के साथ मारपीट की। जब नितिन बेहोश हो गया तो उसे घर के पास प्लाट में फेंक कर फरार हो गये। साथ ही चंद्रपाल ने उसके घर वालों को भी सूचना दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को आज टेड़ाघाट से गिरफ्तार कर लिया।
